Edited By Purnima Singh,Updated: 08 Dec, 2025 07:14 PM

नए साल की शुरुआत उत्तर प्रदेश में बड़े प्रशासनिक बदलावों के साथ होने जा रही है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश के 24 आईएएस अधिकारियों को पदोन्नति देने का निर्णय लिया है। एक जनवरी 2026 से ये पदोन्नतियाँ प्रभावी होंगी ....
लखनऊ: नए साल की शुरुआत उत्तर प्रदेश में बड़े प्रशासनिक बदलावों के साथ होने जा रही है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश के 24 आईएएस अधिकारियों को पदोन्नति देने का निर्णय लिया है। एक जनवरी 2026 से ये पदोन्नतियाँ प्रभावी होंगी। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक में इन नामों पर सहमति बन चुकी है।
चार वरिष्ठ IAS अधिकारी बनेंगे प्रधान सचिव
इस बार 2001 बैच के चार वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को प्रमोट करके प्रधान सचिव बनाया जाएगा। इनमें शामिल हैं :
1. शशि भूषण लाल सुशील
वर्तमान पद: मंडलायुक्त, देवीपाटन
मूल निवासी: सहारनपुर
प्रशासनिक करियर की शुरुआत 2002 में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट, लखनऊ से हुई थी। कई अहम पदों पर कार्य कर चुके सुशील को इस बार प्रमुख सचिव पद की जिम्मेदारी मिलने जा रही है।
2. अजय कुमार शुक्ला
वर्तमान पद: सचिव, नगर विकास विभाग
लंबे समय तक निर्वाचन विभाग में अहम भूमिका निभाई और राज्य निर्वाचन अधिकारी भी रहे। अब उन्हें भी प्रमुख सचिव पद पर प्रमोशन मिल रहा है।
3. अपर्णा यू
वर्तमान पद: सचिव, चिकित्सा शिक्षा / निदेशक, नेशनल हेल्थ मिशन
2001 बैच की अधिकारी अपर्णा यू विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ संभाल चुकी हैं। डीपीसी ने उन्हें भी प्रमुख सचिव पद के लिए मंजूरी दे दी है।
4. एस.वी.एस. रंगाराव
वर्तमान पद: सदस्य, राजस्व बोर्ड
प्रशासनिक सेवा में दो दशक से अधिक अनुभव। इन्हें भी प्रधान सचिव पद पर पदोन्नति दी जा रही है। इन चारों वरिष्ठ अधिकारियों को जल्दी ही स्वतंत्र विभागों की कमान सौंपी जा सकती है।
20 IAS अधिकारी विशेष सचिव से सचिव पद पर प्रोन्नत
डीपीसी ने 2010 बैच के 20 IAS अधिकारियों को सचिव पद पर पदोन्नत करने का निर्णय लिया है। इस बैच के अधिकांश अधिकारी वर्तमान में विशेष सचिव हैं। दुर्गा शक्ति नागपाल इस बैच की एकमात्र अधिकारी हैं जो इस समय जिलाधिकारी (DM), लखीमपुर खीरी के पद पर तैनात हैं। सचिव बनने के बाद इन अधिकारियों को मंडलायुक्त या स्वतंत्र विभागीय जिम्मेदारियाँ मिल सकती हैं।
अन्य बैचों के लिए भी पदोन्नति मंजूर
2013 बैच: चयन ग्रेड के लिए 1 अधिकारी को मंजूरी
2017 बैच: प्रशासनिक ग्रेड पे के लिए 1 अधिकारी के नाम को स्वीकृति
नियुक्ति विभाग जल्द ही पदोन्नति आदेश जारी करेगा।
नए साल में प्रशासनिक फेरबदल के संकेत
पदोन्नतियों के बाद राज्य प्रशासनिक ढांचे में व्यापक बदलाव की संभावना है। नए प्रमुख सचिवों को स्वतंत्र विभागों की जिम्मेदारियां मिलेंगी। सचिव पद पर आए अधिकारियों को विभिन्न मंडलों में मंडलायुक्त बनाया जा सकता है। कई जिलों में डीएम स्तर पर भी तबादले संभावित हैं। स्पष्ट है कि उत्तर प्रदेश में 2026 की शुरुआत प्रशासनिक रूप से बड़ी उथल-पुथल और नए बदलाव लेकर आएगी।