Edited By Purnima Singh,Updated: 23 Jul, 2025 06:58 PM

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र के ओबरा नगर में रहने वाले लोग भूकंप महसूस कर रहे हैं। लोगों को रोजाना दोपहर में भूकंप का झटका महसूस होता है। सैकड़ों मकानों में दरारें पड़ चुकी हैं ......
सोनभद्र : सोचिए अगर आपके इलाके में हर रोज भूकंप के झटके महसूस हों और आपकी जान पर बनी हो तो आप पर क्या बीतेगी। आप हर वक्त डर के साये में जिएंगे। ऐसा ही कुछ उत्तर प्रदेश के सोनभद्र के ओबरा नगर में रहने वाले लोग महसूस कर रहे हैं। लोगों को रोजाना दोपहर में भूकंप का झटका महसूस होता है। सैकड़ों मकानों में दरारें पड़ चुकी हैं। पानी की टंकियों में लीकेज और नींव कमजोर होने से टंकी के फटने का खतरा लगातार बना हुआ है।
आप ये सोच रहे होंगे कि हर रोज भूकंप के झटके कैसे संभव हैं। बता दें कि इसके पीछे कोई प्राकृतिक वजह नहीं है, बल्कि इंसानों द्वारा की जा रही गतिविधियां जिम्मेदार हैं। यह कंपन अल्ट्राटेक भलुवा माइंस में हो रही वी ब्लास्टिंग के कारण हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रोज दोपहर के समय ऐसा लगता है जैसे भूकंप आया हो। खनन क्षेत्र के करीब के इलाकों की हालत तो सबसे खराब है। हालात इतने बुरे हैं कि अपने जीवन भर की पूंजी लगाकर बनाए मकानों में रहने वाले लोग खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं।