Edited By Imran,Updated: 13 Jan, 2022 03:19 PM

उत्तर प्रदेश की राजनीति में दल बदल को लेकर मची भगदड़ के बीच कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने 125 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी किया है। जिसमें 50 सीटों महिलाओं को दिया गया है।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में दल बदल को लेकर मची भगदड़ के बीच कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने 125 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी किया है। जिसमें 50 सीटों महिलाओं को दिया गया है।
प्रियंका गांधी ने डिजिटल संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से इन उम्मीदवारों की सूची जारी की और विशेष रूप से 50 महिला उम्मीदवारों के नामों का उल्लेख किया। कुछ महीने पहले ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं' अभियान आरंभ करते हुए प्रियंका गांधी ने घोषणा की थी कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देगी। पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लिए जो पहली सूची जारी की है उनमें पार्टी विधायक दल की नेता अराधना मिश्रा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद के साथ ही पांखुड़ी पाठक, सदफ़ जाफर और विभिन्न क्षेत्रों में संघर्षरत कुछ अन्य महिलाएं शामिल हैं। उन्नाव बलात्कार मामले की पीड़िता की मां को भी टिकट दिया गया है।
प्रियंका ने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 125 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर रही है जिसमें 50 महिलाएं हैं। हमने प्रयास किया है कि नयी राजनीति की कोशिश करने वाली महिलाओं को टिकट दिया जाए।'' उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सात चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को और सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान सात मार्च को होगा। 10 मार्च को नतीजे घोषित होंगे।
उन्होंने कहा कि ये वे महिलाएं हैं, जिन्होंने किसी न किसी तरह से योगी शासन के दौरान अत्याचार सहा है। प्रियंका पहले ही उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए लड़की हूं, लड़ सकती हूं का नारा दे चुकी हैं।

बता दें कि जालौन में कांग्रेस ने 2 महिलाओं को दिया टिकट दिया है। कालपी से पूर्व विधायक उमाकांति को प्रत्याशी बनाया गया है। उमाकांती जिले की पहली महिला विधायक बनी थी।

वहींं, उरई सुरक्षित सीट से पूर्व अपर आयुक्त उर्मिला सोनकर खाबरी को प्रत्याशी बनाया गया है। उर्मिला सोनकर कांग्रेस से वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य है।

वहींं नोएडा से कांग्रेस की उम्मीदवार पंखुड़ी पाठक को बनाया गया है।