Edited By Mamta Yadav,Updated: 27 Sep, 2025 04:32 PM

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की तबीयत अब पहले से काफी बेहतर है। मेदांता हॉस्पिटल में कई दिनों तक चले इलाज के बाद शनिवार, 27 सितंबर 2025 को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया...
Lucknow News, (अश्वनी कुमार सिंह): उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की तबीयत अब पहले से काफी बेहतर है। मेदांता हॉस्पिटल में कई दिनों तक चले इलाज के बाद शनिवार, 27 सितंबर 2025 को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। डॉक्टरों की देखरेख में स्वास्थ्य लाभ के बाद अब वे अपने सरकारी आवास, गौतमपल्ली स्थित मंत्री आवास संख्या-20 पहुंच गए हैं।
स्वास्थ्य में हुआ तेजी से सुधार
मेदांता अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राकेश मिश्रा की निगरानी में उनका उपचार किया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मंत्री अब पूरी तरह से स्वस्थ हैं, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें कुछ समय तक पूर्ण आराम करने की सलाह दी है।
पार्टी ने जताई राहत
सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव और पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद राजभर ने जानकारी देते हुए कहा, “मंत्री जी अब पूरी तरह स्वस्थ हैं। उनके स्वास्थ्य में सुधार शुभचिंतकों की दुआओं और डॉक्टरों की मेहनत का परिणाम है। वे जल्द ही अपने दायित्वों का निर्वहन पुनः शुरू करेंगे।”
समर्थकों में खुशी की लहर
जैसे ही मंत्री राजभर के अस्पताल से डिस्चार्ज होने की खबर सामने आई, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं और बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। कई लोगों ने इसे प्रदेश की राजनीति और सामाजिक क्षेत्र के लिए सुखद संकेत बताया।
स्वस्थ होकर फिर से होंगे सक्रिय
पार्टी के कार्यकर्ताओं का कहना है कि मंत्री राजभर जल्द ही अपनी पुरानी ऊर्जा और उत्साह के साथ फिर से राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय दिखेंगे। समर्थकों ने ईश्वर से उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की है।