Edited By Pooja Gill,Updated: 06 Mar, 2026 01:49 PM

कासगंज जिले के अमापुर थाना क्षेत्र में एक महिला की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। महिला के सिर पर ईंट मारकर उसकी हत्या की गई है...
कासगंज: कासगंज जिले के अमापुर थाना क्षेत्र में एक महिला की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। महिला के सिर पर ईंट मारकर उसकी हत्या की गई है। बताया जा रहा है कि कुत्ते के काटने को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसके बाद महिला को जमकर पीटा गया और सिर में ईंट लगने से उसकी मौत हो गई। इस घटना का खुलासा महिला के आठ वर्षीय बेटे ने किया, जो वारदात का प्रत्यक्षदर्शी है।
जानिए पूरा मामला
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना अमापुर कोतवाली क्षेत्र के भबूपुरा गांव की है। मृतका की पहचान रुचि (35) के रूप में हुई है, जो अपने पति पवन कुमार और आठ वर्षीय बेटे हार्दिक के साथ गांव में रहती थी। पुलिस के अनुसार, रुचि का पति पवन कुमार लखनऊ में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। वह होली की छुट्टियां बिताने के बाद बृहस्पतिवार को काम पर लौट रहा था। इसी दौरान अलीगढ़ के पास पहुंचने पर उसके बेटे हार्दिक ने फोन कर उसे बताया कि उसके ताऊ नीरज और उनके परिवार के सदस्य उसकी मां को बेरहमी से पीट रहे हैं। इसके बाद पवन कुमार ने स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की आपातकालीन सेवा '112' को सूचना दी।
हत्या के बाद आरोपी फरार
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, हार्दिक ने बताया कि उसके ताऊ नीरज और उनके परिवार के सदस्य उसकी मां को जबरन अपने घर ले गए और कमरे में बंद कर उसकी पिटाई की। भयभीत होकर वह अपने एक मित्र के घर भाग गया और वहीं से अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। मुख्य आरोपी नीरज घटना के बाद से फरार है। पुलिस आरोपी की पत्नी, बेटे और बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
विवाद की वजह
बताया जा रहा है कि मृतका के घर के पास किसी व्यक्ति को कुत्ते ने काट लिया। आरोप है कि चचेरे देवर नीरज का पुत्र शिवम रूचि से गाली गलौज करने लगा। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी महिला को खींचकर अपने घर में ले गया और ईंट से उसके सिर पर प्रहार कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।