Edited By Purnima Singh,Updated: 20 Jul, 2026 01:57 PM

उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के डेरापुर में सोमवार तड़के कानपुर-इटावा राजमार्ग पर सीएनजी से चलने वाली एक कार के रोड डिवाइडर से टकराने के बाद उसमें आग लग गई, जिससे दो लोगों की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी ...
कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के डेरापुर में सोमवार तड़के कानपुर-इटावा राजमार्ग पर सीएनजी से चलने वाली एक कार के रोड डिवाइडर से टकराने के बाद उसमें आग लग गई, जिससे दो लोगों की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा डेरापुर के मुंगीसापुर के पास हुआ, जब दिल्ली से लौट रही कार का ड्राइवर शायद गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से जा टकराई।
एक पुलिस अधिकारी ने आशंका जताई कि टक्कर के कारण कार के सीएनजी टैंक में धमाका हुआ, जिससे कुछ ही पल में कार आग की लपटों में घिर गई। आग इतनी तेज़ी से फैली कि कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल पाए। दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में लगभग 90 मिनट लगे, जिसके बाद कार से दो बुरी तरह जले हुए शव बरामद किए गए। डेरापुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान बर्रा निवासी ओम शुक्ला (23) और कार चला रहे गुरप्रीत सिंह ढिल्लों के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि जली हुई कार से मिले आधार कार्ड की मदद से उनकी पहचान की पुष्टि की गई। ओम शुक्ला दोपहिया और कार मरम्मत की दुकान चलाता था। पुलिस ने बताया कि दोनों ऑटोमोबाइल स्पेयर पार्ट्स खरीदने के लिए दिल्ली गए थे और कानपुर लौटते समय यह हादसा हुआ। सिंह ने आगे बताया कि कार में आग की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और यातायात बहाल करने के लिए जली हुई कार को राजमार्ग से हटाया गया। उन्होंने कहा कि हादसे की वजह की जांच की जा रही है।