Edited By Anil Kapoor,Updated: 06 Sep, 2026 08:40 AM

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से सड़क छाप गुंडागर्दी और खौफनाक वारदात की एक सनसनीखेज तस्वीर सामने आई है। जहां गोविंद नगर थाना क्षेत्र के मसानी चौराहे के पास महज गाड़ी टकराने के मामूली विवाद में एक कार चालक ने हैवानियत की सारी हदें पार....
Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से सड़क छाप गुंडागर्दी और खौफनाक वारदात की एक सनसनीखेज तस्वीर सामने आई है। जहां गोविंद नगर थाना क्षेत्र के मसानी चौराहे के पास महज गाड़ी टकराने के मामूली विवाद में एक कार चालक ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में तैनात जूनियर इंजीनियर (JE) विक्रांत भारती पर सीधी कार चढ़ा दी और उन्हें कई मीटर तक घसीटता हुआ निकल गया। गनीमत यह रही कि इस जानलेवा हमले के बावजूद जेई की जान बच गई, लेकिन वे गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मसानी चौराहे के पास जेई विक्रांत भारती की गाड़ी की दूसरी कार से हल्की टक्कर हो गई थी। इसके बाद दोनों चालकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बात बातचीत से सुलझ सकती थी, लेकिन दूसरे कार चालक पर जैसे खून सवार हो गया। गुस्से में उसने अपना आपा खोया और विक्रांत भारती को सबक सिखाने की नीयत से कार की रफ्तार बढ़ाकर उन्हें सीधे निशाना बना लिया।
इस पूरी वारदात का एक बेहद खौफनाक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सिरफिरा ड्राइवर गाड़ी तेजी से आगे बढ़ाता है और सामने खड़े जेई को टक्कर मार देता है। टक्कर लगते ही विक्रांत भारती जमीन पर गिर जाते हैं और कार उनके शरीर को कुचलते हुए आगे निकल जाती है। इसके बाद भी ड्राइवर ने ब्रेक लगाने की जहमत नहीं उठाई और उन्हें सड़क पर कई मीटर तक घसीटते हुए ले गया। इस खौफनाक मंजर को देखकर मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। घटना का वीडियो वायरल होते ही मथुरा पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें:- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: 8 आरोपियों की बढ़ी न्यायिक हिरासत, 79 लाख बरामद
मामले पर जानकारी देते हुए एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि मसानी चौराहे के पास वाहन टकराने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें एक पक्ष ने जान से मारने की नीयत से दूसरे व्यक्ति पर गाड़ी चढ़ा दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो व गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी की शिनाख्त की जा रही है। दबिश जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।