Edited By Ramkesh,Updated: 22 Feb, 2026 05:38 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान हुए प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर कड़ा हमला बोला। नमो भारत रेल और मेरठ मेट्रो रेल विस्तार परियोजना समेत विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए...
मेरठ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान हुए प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर कड़ा हमला बोला। नमो भारत रेल और मेरठ मेट्रो रेल विस्तार परियोजना समेत विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक वैश्विक आयोजन को अपनी “गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा” बना दिया।
‘देश का कार्यक्रम था, किसी दल का नहीं’
प्रधानमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर केंद्रित इस सम्मेलन में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि और करीब 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल हुए थे। पूरा देश इस आयोजन पर गर्व कर रहा था, लेकिन कांग्रेस ने प्रदर्शन कर इसकी गरिमा को ठेस पहुंचाई। उन्होंने कहा कि विरोध राजनीति का हिस्सा हो सकता है, लेकिन यह कार्यक्रम किसी पार्टी का नहीं बल्कि देश का था।
कांग्रेस पर ‘वैचारिक दिवालियापन’ का आरोप
मोदी ने कांग्रेस को वैचारिक रूप से “दिवालिया” और “दरिद्र” बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी देश को बदनाम करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता अपनी सीमाएं भूल गए हैं और देश की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
सहयोगी दलों का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के इस कदम में उसके कई सहयोगी दलों की कोई भागीदारी नहीं थी। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक), बहुजन समाज पार्टी और नेशनल कॉन्फ्रेंस का उल्लेख करते हुए कहा कि इन दलों ने इस घटना में हिस्सा नहीं लिया। उन्होंने विपक्ष के इन साथियों का “सच्चाई और देश के गौरव के साथ खड़े रहने” के लिए आभार भी जताया।
संसद और नेतृत्व पर भी साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने बिना नाम लिए विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री बनने के लिए जनता का विश्वास जीतना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद को चलने नहीं देती, जिससे उसके सहयोगी दलों को भी नुकसान उठाना पड़ता है।
‘कांग्रेस देश पर बोझ बन गई’
अपने संबोधन के अंत में मोदी ने कहा कि कांग्रेस देश के लिए बोझ बन चुकी है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में हुई घटना के बाद कांग्रेस के सहयोगी दल भी चौंक गए हैं और उससे दूरी बना रहे हैं।