Edited By Anil Kapoor,Updated: 22 Jul, 2026 07:00 AM

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के सदस्य स्वामी परमानंद गिरि ने कहा कि न्यास की बुधवार (22 जुलाई) को होने वाली बैठक में न्यासियों के रिक्त पदों को भरने तथा अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। गिरि ने संवाददाताओं से कहा कि न्यास में खाली पदों को...
Ayodhya News: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के सदस्य स्वामी परमानंद गिरि ने कहा कि न्यास की बुधवार (22 जुलाई) को होने वाली बैठक में न्यासियों के रिक्त पदों को भरने तथा अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। गिरि ने संवाददाताओं से कहा कि न्यास में खाली पदों को भरना होगा। उन्होंने कहा कि जो भी अन्य मुद्दे आएंगे वह बैठक के दौरान ही पता चलेगा। कथित राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच विशेष अन्वेषण दल को सौंपने के संबंध में सोमवार को उच्चतम न्यायालय की टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर गिरि ने कहा कि न्यास पहले मौजूदा एसआईटी की रिपोर्ट का इंतजार करेगा। उन्होंने कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट आने दीजिए। पहले इसकी जांच की जानी चाहिए और फिर भविष्य की कार्रवाई तय की जाएगी।
नई SIT के गठन की जरूरत पर उठाए सवाल
मामले की जांच के लिए नई एसआईटी गठित किए जाने के उच्चतम न्यायालय के सुझाव के बारे में पूछे जाने पर गिरि ने इसकी जरूरत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर वर्तमान एसआईटी को उचित नहीं माना गया तो दूसरी एसआईटी बनाने से भी कोई विशेष अंतर नहीं पड़ेगा। यह पूछे जाने पर कि क्या न्यासी के रिक्त पदों के लिए किसी नाम पर विचार किया जा रहा है, गिरि ने कहा कि अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि अभी कुछ नहीं है, लेकिन रिक्तियां भरी जानी हैं और जो भी निर्णय लिया जाना है उस पर आज की बैठक में चर्चा की जाएगी। गिरि ने यह भी कहा कि पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है तथा न्यास ने 6 जुलाई को हुई अपनी पिछली बैठक के दौरान उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया था।
नए महासचिव की नियुक्ति और खाली पदों पर होगी चर्चा
एक अन्य न्यासी दिनेंद्र दास के भी इस्तीफा दिए जाने की खबरों पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। न्यास की बुधवार को राम मंदिर परिसर में एक विशेष बैठक आयोजित करने वाला है, जिसके बाद मणिराम छावनी में इसकी नियमित बैठक होगी। न्यास के सूत्रों के मुताबिक, बैठक एजेंडे में नए महासचिव की नियुक्ति, तीन खाली ट्रस्टी पदों को भरना और मंदिर के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी के लिए चयन प्रक्रिया को अंतिम रूप देना शामिल है।
चढ़ावा चोरी विवाद और रिक्तियों की पृष्ठभूमि
सूत्रों ने बताया कि बैठक में कथित चढ़ावा चोरी मामले में उच्चतम न्यायालय के समक्ष सौंपी गई एसआईटी रिपोर्ट पर भी चर्चा हो सकती है। राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद के बाद पूर्व महासचिव चंपत राय और न्यासी अनिल मिश्रा के इस्तीफे और न्यासी बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा की मृत्यु के बाद रिक्तियां पैदा हुईं। अयोध्या के राम मंदिर में कथित गबन का मामला जून में सामने आया था जिसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने एक एसआईटी का गठन किया था जिसकी रिपोर्ट के बाद 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया था।