Edited By Anil Kapoor,Updated: 08 Dec, 2025 07:38 AM
UP Weather News: उत्तर प्रदेश में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शीतलहर ने कई जिलों को अपनी चपेट में ले लिया है। बीते 24 घंटों में सबसे ठंडी रात अयोध्या में रही, जहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि......
UP Weather News: उत्तर प्रदेश में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शीतलहर ने कई जिलों को अपनी चपेट में ले लिया है। बीते 24 घंटों में सबसे ठंडी रात अयोध्या में रही, जहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि अभी ठंड का असली दौर बाकी है। अगले 48 घंटों में तापमान में और गिरावट हो सकती है, जिससे ठिठुरन बढ़ेगी।
पूर्वी और पश्चिमी यूपी में रहेगा शुष्क मौसम
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 8 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह और देर शाम हल्का से मध्यम कोहरा कई जिलों में देखा जा सकता है। हालांकि, अभी मौसम विभाग ने कोहे या शीतलहर को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। बीते 24 घंटों में कई जिलों में दृश्यता 600 मीटर तक पहुंच गई, जिससे घना कोहरा छाया रहा।
शाम ढलते ही बढ़ेगी गलन
आईएमडी के मुताबिक, सोमवार की सुबह यूपी के कई जिलों— मथुरा, अलीगढ़, कानपुर, आगरा, इटावा, कन्नौज, झांसी, अयोध्या, अमेठी, रायबरेली, हरदोई, कासगंज, आजमगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर, गाजीपुर, गोरखपुर, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, महाराजगंज, सोनभद्र, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, फिरोजाबाद, उन्नाव, कौशाम्बी, चित्रकूट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद, रामपुर और बरेली में हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। कुछ जिलों में दृश्यता 500–600 मीटर तक गिरने की भी आशंका है।
लखनऊ में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री
राजधानी लखनऊ में आज हल्का कोहरा दिख सकता है। दिन में धूप खिलने से थोड़ी राहत रहेगी, लेकिन शाम को चलने वाली ठंडी हवाएं फिर ठिठुरन बढ़ा देंगी। आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री और अधिकतम लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। नोएडा में भी मौसम इसी तरह रहने की संभावना है।
दो दिन बाद और गिरेगा तापमान
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय हो रहा है। इसके चलते अगले दो दिनों में ठंड और बढ़ेगी। अधिकतम और न्यूनतम—दोनों तापमान नीचे जा सकते हैं। इससे पूरे प्रदेश में शीतलहर का असर और तेज महसूस होगा।