Edited By Harman Kaur,Updated: 17 Dec, 2022 06:13 PM

चंडीगढ़ से सीतापुर के मिश्रीख अपने घर जा रही एक महिला को रेल पटरी पर दौड़ रही एक्सप्रेस ट्रेन की बोगी में प्रसव पीड़ा...
हरदोई (मनोज तिवारी): चंडीगढ़ से सीतापुर के मिश्रीख अपने घर जा रही एक महिला को रेल पटरी पर दौड़ रही एक्सप्रेस ट्रेन की बोगी में प्रसव पीड़ा हुई। जिससे पहले तो महिला के परिजन डर गए, लेकिन इसी दौरान ट्रेन में मौजूद कुछ महिलाओं की मदद से उसका प्रसव कराया गया। वहीं, ट्रेन के डिब्बे में किलकारी गूंजी और महिला ने बेटे को जन्म दिया। इसके बाद जच्चा बच्चा को हरदोई रेलवे स्टेशन पर उतारा गया और दोनों को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों सुरक्षित हैं।

दरअसल ट्रेन में सफर कर रही एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ऐसे में महिला के साथ सफर कर रहा उसका परिवार बेहद डर गया। परिवार को समझ ही नहीं आ रहा था कि अब क्या किया जाए। ऐसे में ट्रेन में सफर कर रही अन्य महिलाएं देवदूत बनकर आई और महिला का प्रसव कराया। महिला ने एक बेटे को जन्म दिया। सीतापुर के मिश्रिख निवासी किस्मती चंडीगढ़ से सीतापुर जा रही थी।

इसकी सूचना मिलने पर जीआरपी में तैनात महिला कांस्टेबल स्मृति मौर्या, हेड कांस्टेबल इमरान खान व रविंद्र कुमार ट्रेन में पहुंचे। उन्होंने आनन-फानन एंबुलेंस को स्टेशन पर बुलवाया। इसके बाद महिला को जिला महिला चिकित्सालय भेज दिया गया। जहां जच्चा व उसका नवजात दोनों की देखरेख हो रही है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों स्वस्थ हैं।