Edited By Harman Kaur,Updated: 12 May, 2023 05:50 PM

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक दुल्हन शादी के दिन दूल्हे की हरकतें देखकर भड़क गई और उसने शादी करने से मना कर दिया...
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक दुल्हन शादी के दिन दूल्हे की हरकतें देखकर भड़क गई और उसने शादी करने से मना कर दिया। इतना ही नहीं दुल्हन के इस फैसले पर उसके परिजनों ने भी हामी भरी। वहीं, दुल्हन के इस फैसले से बरातियों में खलबली मच गई। इसके बाद दूल्हे पक्ष ने दुल्हन को मनाने का काफी प्रयास किया लेकिन जब वह नहीं मानी तो दूल्हा बारात लेकर वापस लौट गया।

सजा रह गया मंडप
जानकारी के मुताबिक मामला फतेहगंज पूर्वी की नई कॉलोनी का है। जहां गुरुवार को शादी थी, जिसके लिए बरेली से बारात आई थी। सबकुछ सही चल रहा था। इसके बाद देर रात करीब एक बजे जयमाल का कार्यक्रम शुरू हुआ। इसी दौरान स्टेज खड़े दूल्हे के कदम लड़खड़ाने लग गए, यह देखकर दुल्हन हैरान रह गई। वहीं, जब दूल्हे ने गोर से देखा तो उसका पता चला कि जिस लड़के से उसकी शादी होने वाली है उसने तो शराब पी रखी है।
इतना ही नहीं इससे कुछ समय पहले किसी ने दुल्हे का एक वीडियो भी बना लिया था, जिसमें दुल्हा सिगरेट पीता हुआ दिखाई दे रहा है। कुछ ही देर में यह वीडियो भी दुल्हन तक पहुंच गया। वहीं, दूल्हे की ये सब हरकतें देखने के बाद दुल्हन भड़क गई और उसने शादी करने से इनकार कर दिया।

लड़की के फैसले पर परिजनों ने भी भरी हामी
दुल्हन के शादी से इंकार करने पर शादी समारोह में हड़कंप मच गया। वहीं, कुछ लोग बातें करने लग गए और कुछ दुल्हन को समझाने लग गए। लेकिन दुल्हन अपनी बात पर अड़ गई और कहती रही कि वह शराबी लड़के से शादी नहीं करेंगी। जिसके बाद उसके घरवाले भी उसके इस फैसले से राजी हो गए। इसके बाद दूल्हा बारात लेकर वापस चला गया। शादी टूटने के बाद दुल्हन के पिता ने इस बात की जानकारी पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि लड़की के पिता कई साल से बीमार चल रहे हैं। लड़की अपनी मां के साथ एक फैक्टरी में प्राइवेट नौकरी कर घर के खर्च के साथ पिता का भी इलाज करवा रही है। रिश्तेदारों की मदद और कर्ज लेकर लड़की पक्ष ने शादी की तैयारियां की थीं।