Edited By Anil Kapoor,Updated: 09 Dec, 2025 08:16 AM

UP Weather News: उत्तर प्रदेश में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। बीते 24 घंटे में कई शहरों में न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा, जबकि अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों में तेज पछुआ हवाओं के...
UP Weather News: उत्तर प्रदेश में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। बीते 24 घंटे में कई शहरों में न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा, जबकि अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों में तेज पछुआ हवाओं के चलने से दिन और रात दोनों समय ठंड बढ़ेगी। इसके साथ ही प्रदेश के कई इलाकों में घने कोहरे की संभावना है।
प्रदेश में मौसम का पूर्वानुमान
लखनऊ के अमौसी आंचलिक मौसम केंद्र की जानकारी के अनुसार, 9 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में मौसम शुष्क रहेगा। ऐसे में सुबह और देर रात के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। तराई क्षेत्र में दृश्यता 200 से 500 मीटर तक घट सकती है। बीते 24 घंटे में बहराइच और कुशीनगर में दृश्यता सिर्फ 50 मीटर रही।
पश्चिमी विक्षोभ और ठंड का असर
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल महाराष्ट्र और राजस्थान पहुंचकर कमजोर हो गया है। अगले 38 घंटे में यह विक्षोभ गंगा के मैदानी इलाकों से गुजरेगा। इसके बाद तेज पछुआ हवाओं के चलने की संभावना है।इससे न्यूनतम तापमान तेजी से घटेगा, और कड़ाके की ठंड का अहसास होगा।
कोहरे और हवाओं से बढ़ेगी गलन
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार को कई जिलों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रह सकता है। इनमें प्रमुख जिले हैं: वाराणसी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, चित्रकूट, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, कानपुर, इटावा, कन्नौज, बहराइच, झांसी, ललितपुर, अयोध्या, अमेठी, रायबरेली, हरदोई, कासगंज, आजमगढ़, मिर्जापुर, जौनपुर, गाजीपुर, गोरखपुर, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, रामपुर, बरेली, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, फिरोजाबाद, उन्नाव, सुल्तानपुर, मुरादाबाद और सोनभद्र। दिन में धूप खिलने की संभावना है, लेकिन शाम होते ही हवाओं से ठंड बढ़ेगी।
लखनऊ और नोएडा का हाल
लखनऊ में न्यूनतम तापमान गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है। सुबह हल्का कोहरा रहेगा। नोएडा में भी सुबह मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।