Edited By Ramkesh,Updated: 15 Feb, 2026 04:07 PM

जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र में एक सरकारी अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) और चिकित्साधिकारी के साथ मारपीट और गाली गलौज करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
भदोही: जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र में एक सरकारी अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) और चिकित्साधिकारी के साथ मारपीट और गाली गलौज करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
गोपीगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) शैलेश कुमार राय ने बताया कि डॉक्टर असलम अंसारी और डॉक्टर अमित सिंह तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के दस कर्मियों की शिकायत पर शनिवार देर शाम शिवांश पांडेय और अरविन्द पांडेय के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उन्होंने तहरीर के हवाले से कहा कि शनिवार दोपहर असलम अंसारी और अमित सिंह ओपीडी में मरीज़ों को देख रहे थे तभी गोपीगंज थाने के भवानी पुर निवासी शिवांश और अरविन्द सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ओपीडी कक्ष में घुसे और दोनों डॉक्टरों के साथ गाली गलौज करते हुए हाथापाई करने लगे।
पुलिस ने बताया कि इस घटना से वहां भारी अफरा तफरी फ़ैल गई और मरीज़ चले गए । करीब आधे घंटे तक सरकारी काम में बाधा पैदा हुई और सभी डॉक्टरों और अन्य कर्मियों के जमा होने पर दोनों आरोपी धमकी देकर चले गए। थानेदार ने बताया मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।