Edited By Ajay kumar,Updated: 02 Dec, 2023 09:59 PM

छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी थाना हाफिजगंज के ग्राम रसुला कमरुनिशा निवासी टंडन को परीक्षण में दोषी पाया गया। स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट कोर्ट-2 अभिषेक कुमार चतुर्वेदी ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। एक लाख रुपये अर्थदंड भी...
बरेली: छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी थाना हाफिजगंज के ग्राम रसुला कमरुनिशा निवासी टंडन को परीक्षण में दोषी पाया गया। स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट कोर्ट-2 अभिषेक कुमार चतुर्वेदी ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। एक लाख रुपये अर्थदंड भी डाला है। जुर्माने की पूरी रकम पीड़िता के पुनर्वास और उसके इलाज के लिए दी जाएगी।
विशेष लोक अभियोजक कुलदीप श्रोत्रिय ने बताया कि पीड़िता के पिता ने थाना हाफिजगंज में तहरीर देकर बताया था कि 27 दिसम्बर 2020 के शाम 6 बजे उसकी पुत्री घर के बाहर खेल रही थी। बेटी को चीज दिलाने के बहाने टंडन उसे गन्ने के खेत में ले गया और उसके साथ गलत काम किया और उसके बाद बेटी को घर पर छोड़ गया था। उसे पकड़ने का प्रयास किया तो मौके से भाग गया। पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना के बाद आरोप पत्र कोर्ट भेजा था। शासकीय अधिवक्ता ने आठ गवाह पेश किए थे। इससे पहले सजा पर सुनवाई के दौरान टंडन के वकील ने तर्क दिया कि उसके दो पुत्री और एक पुत्र है, जिनका पालन-पोषण करने वाला कोई नहीं है। उसे कम से कम दंड देने की याचना की गई। फिर भी कोर्ट ने दंडादेश में स्पष्ट किया कि आजीवन कारावास का अभिप्राय दोषसिद्ध के शेष जीवनकाल के लिए कारावास होगा।
पॉक्सो कोर्ट ने एक वर्ष के अंदर किया निस्तारण
मासूम के साथ हुए यौन अपराध में पॉक्सो कोर्ट ने तत्परता दिखाते हुए एक वर्ष से भी कम समय में मुल्जिम को दंडित किया है। आरोप पत्र पर 26 फरवरी 2021 को पॉक्सो कोर्ट द्वारा संज्ञान लिया गया था। 13 सितंबर 2021 को मुल्जिम पर आरोप तय किये गये थे। पॉक्सो कोर्ट-2 को 9 दिसम्बर 2022 को केस ट्रांसफर हुआ था। सभी गवाहों को परीक्षित कराने के बाद कोर्ट ने सजा सुनाई।
मासूम ने खुद अदालत में बयां की थी आपबीती
मासूम ने कोर्ट में बयान दिया था कि टंडन ने उसे गोद में उठाया और कहने लगा कि कबाब दिलाऊंगा और साथ ले गया और गन्ने के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। उसे बहुत दर्द हुआ, खेत में लिटाया हुआ था वह रो रही थी। उसने घर आकर सारी बात मां व पापा को बतायी। उसके खून निकल रहा था।