Edited By Moulshree Tripathi,Updated: 18 Apr, 2021 05:47 PM
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्त है। इस क्रम में सीएम ने तमाम कड़े एक्शन भी लिए हैं। इसके बावजूद मनचलों, सिरफिरों व...
फिरोजाबादः उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्त है। इस क्रम में सीएम ने तमाम कड़े एक्शन भी लिए हैं। इसके बावजूद मनचलों, सिरफिरों व शोहदों को कोई भय नहीं रह गया है। वे निर्भय होकर घटनाओं को अंजाम देते हैं। ताजा मामला फिरोजाबाद जिले के थाना दक्षिण क्षेत्र का है। जहां फोन पर महिला को परेशान करना युवक को महंगा पड़ गया। महिला ने उसे बहाने से बुला लिया। लोगों ने पकड़ कर उसे खंभे से बांधकर पीटा।
बता दें कि इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई और उसके खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया है। दरअसल हिमायू पुर निवासी विवाहिता को एक युवक चार-पांच दिनों से फोन पर परेशान कर रहा था। महिला के साथ अश्लील बातें करता था। इसके अलावा अश्लील मैसेज भी किया करता था। युवक की हरकतों से महिला काफी परेशान हो गई। उसने अपने परिवारी जनों को फोन के बारे में बताया। उसकी बात सुन परिवारी जन गुस्से में आ गए। उन्होंने युवक को पकड़ने की योजना बनाई। महिला ने युवक को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। युवक के आने पर परिजनों ने युवक की जमकर धुनाई की। बाद में उसे खंभे से बांधकर पीटा।
इसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उसे पकड़ कर थाने ले आई।युवक का नाम विवेक बताया गया है। वह हिमायूपुर का रहने वाला है। पुलिस ने युवक के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर दिया गया है।