Edited By Anil Kapoor,Updated: 08 Oct, 2026 12:31 PM

मामूली सी बात पर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद इतना खूनी रूप ले लेगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। कपड़े धोने को लेकर घर में शुरू हुई तू-तू-मैं-मैं में रिश्तों की मर्यादा तार-तार हो गई। उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में सगे बाप और बेटों ने...
Unnao News: मामूली सी बात पर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद इतना खूनी रूप ले लेगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। कपड़े धोने को लेकर घर में शुरू हुई तू-तू-मैं-मैं में रिश्तों की मर्यादा तार-तार हो गई। उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में सगे बाप और बेटों ने मिलकर अपने ही सगे भाई दिलशाद उर्फ पप्पू पर कुल्हाड़ी, तलवार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमला इतना खौफनाक था कि दिलशाद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दिल दहला देने वाली वारदात का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखकर पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना बांगरमऊ के गंज मुरादाबाद स्थित मोचीयाना मोहल्ले की है। मृतक दिलशाद की पत्नी सूफिया बानो के मुताबिक, वह सुबह घर में वाशिंग मशीन लगाकर कपड़े धो रही थी। इसी बात पर उसके ससुर मुर्तजा ने ऐतराज जताया और कपड़े धोने से मना करने लगे। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और घर के बाकी सदस्य देवर और जेठ भी विवाद में कूद पड़े। सूफिया का आरोप है कि झगड़े के दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसका हाथ तोड़ दिया। पीड़ित महिला का कहना है कि उसने तुरंत थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। इसी ढिलाई का फायदा उठाकर आरोपियों ने घर में कूदकर उसके पति दिलशाद पर जानलेवा हमला कर दिया।
ये भी पढ़ें:- 80 रुपए के लिए दोस्त का क/त्ल: शराब के नशे में है/वान बने दोस्त, पगड़ी की सलाई से गोदकर उतारा मौ/त के घाट
वारदात का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, वह किसी की भी रूह कंपा देने के लिए काफी है। वीडियो में मुर्तजा के बेटे हाथों में धारदार कुल्हाड़ी और चमचमाती तलवारें लिए नजर आ रहे हैं। वे अपने ही भाई दिलशाद पर बिना किसी तरस के ताबड़तोड़ वार करते दिखते हैं। लहूलुहान होकर दिलशाद जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन हमलावरों का दिल नहीं पसीजा। अचानक हुए इस खूनी खेल से इलाके में भगदड़ और हड़कंप मच गया। आसपास के लोग खौफ के मारे दूर ही रहे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दिलशाद को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बांगरमऊ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें:- शराब पीने पर पत्नी से हुआ झगड़ा, गुस्से में नाले में कूदा पति... तलाशी में जुटी SDRF-NDRF की टीमें
सीओ बांगरमऊ हर्ष मोदी ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे पारिवारिक विवाद में मारपीट की सूचना मिली थी। परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई मुख्य आरोपियों और संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।