Edited By Sahil Kumar,Updated: 25 Oct, 2026 09:28 AM

उत्तर प्रदेश में मौसम फिर करवट बदलने लगा है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश से मौसम पहले के मुकाबले ठंडा हो गया है। इसी बीच IMD ने आने वाले दिनों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।
Rain Alert: उत्तर प्रदेश में मौसम फिर करवट बदलने लगा है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश से मौसम पहले के मुकाबले ठंडा हो गया है। इसी बीच IMD ने आने वाले दिनों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। खासतौर पर 28 और 29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।
मौसम में इस बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र बताया जा रहा है। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसका असर मौसम पर पड़ सकता है।
पूर्वी और पश्चिमी यूपी में बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, 28 अक्टूबर से पूर्वी उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। 28 और 29 अक्टूबर को कई इलाकों में बिजली चमकने, बादलों की गरज और तेज झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
29 अक्टूबर को इन जिलों में भारी बारिश
मौसम विभाग ने सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया में 29 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका जताई है। इन जिलों में लोगों को मौसम के बदलते मिजाज को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।
इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, संत रविदास नगर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर और महाराजगंज समेत कई जिलों में बारिश होने के आसार हैं। रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर में भी बारिश हो सकती है। सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया समेत कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
हल्की ठंड
उत्तर प्रदेश में इन दिनों सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास हो रहा है। सुबह के वक्त हल्की सिहरन रहती है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप तेज हो जाती है। शाम होते ही तापमान में नरमी आने लगती है और हवाओं में ठंडक महसूस होने लगती है।