Edited By Ramkesh,Updated: 28 Feb, 2026 06:06 PM

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि प्रेम संबंध में धोखा मिलने से आहत युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने सोशल...
हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि प्रेम संबंध में धोखा मिलने से आहत युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर हापुड़ के जिलाधिकारी के नाम एक पत्र भी पोस्ट किया, जिसमें उसने अपनी प्रेमिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
सोशल मीडिया पर लिखा पत्र
मृतक की पहचान फरीदपुर गोसाई गांव निवासी आदित्य के रूप में हुई है। युवक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए पत्र में लिखा कि उसकी मौत के लिए कुमारी ऊषा रानी जिम्मेदार है। पत्र में उसने युवती का नाम, जन्मतिथि, पिता का नाम और गांव का भी उल्लेख किया है।
सात साल से था प्रेम संबंध
आदित्य ने अपने पत्र में बताया कि वह और ऊषा रानी पिछले करीब सात वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे और वर्ष 2020 में दोनों साथ पढ़ाई भी कर रहे थे। युवक का आरोप है कि हाल ही में युवती का रिश्ता गाजियाबाद के साहनी क्षेत्र में रहने वाले एक युवक से तय हो गया, जिसके बाद उसने उससे दूरी बना ली और उसे धोखा दिया।
धमकी देने के भी लगाए आरोप
युवक ने अपने पत्र में यह भी लिखा कि युवती उसे लगातार धमकी देती थी कि उसके पांच भाई हैं और वह उसे मरवा देगी। साथ ही उसने झूठे मुकदमे में फंसाने और उसका भविष्य खराब करने की भी धमकी दी थी। युवक ने दावा किया कि इन परिस्थितियों से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
बिना सूचना के किया अंतिम संस्कार
बताया जा रहा है कि घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह ने बताया कि उन्हें इस मामले की कोई औपचारिक जानकारी नहीं मिली थी। हालांकि अब मामले की जानकारी मिलने के बाद सिंभावली थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार को जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।