Edited By Prashant Tiwari,Updated: 13 Nov, 2022 07:39 PM

पति ने गुस्से में पत्नी को तीन बार तलाक तलाक तलाक बोलकर तलाक दे दिया। फिर पत्नी को वापस पाने के लिए हलाला के नाम पर उसकी शादी अपने छोटे भाई से करा दी। इसके बाद दोनों भाईयों ने मिलकर महिला का यौन शोषण किया।
शाहजहांपुर (नंदलाल) : पति ने गुस्से में पत्नी को तीन बार तलाक तलाक तलाक बोलकर तलाक दे दिया। फिर पत्नी को वापस पाने के लिए हलाला के नाम पर उसकी शादी अपने छोटे भाई से करा दी। इसके बाद दोनों भाईयों ने मिलकर महिला का यौन शोषण किया। महिला के विरोध करने पर प्रताड़ित किया। अपने साथ हो रहे शोषण से परेशान होकर पीड़िता ने महिला थाने में गुहार लगाई लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। महिला ने न्यायालय में अपने ऊपर हो रहे अत्याचार को लेकर गुहार लगाई । इसके पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया। ये कोई फिल्मी कहानी नहीं है। ये घटना यूपी के शाहजहांपुर की है। जिसने भी इस दिल दहला देने वाली घटना को सुना हैरान हो गया।
पति के दूसरे से संबंध का किया था विरोध
शाहजहांपुर के चौक कोतवाली इलाके की रहने वाली महिला की शादी 2017 में बरेली जिले के फरीदपुर के रहने वाले सलमान के साथ हुई थी। जिसके बाद महिला के दो बच्चे हुए। महिला ने बताया कि उसका पति अय्याश किस्म का शख्स है उसके और भी लड़कियों से संबंध थे। जिसका विरोध करना उसे भारी पड़ गया। महिला ने जब पति का विरोध किया तो पहले तो पति ने उसे तलाक दे दिया। फिर शरीयत के नाम पर अपने भाई से उसका निकाह करा दिया। उसके बाद दोनो भाईयों ने मिलकर महिला का यौन शोषण करने लगे। उससे अप्राकृतिक संबंध बनाने लगे। विरोध करने पर महिला के साथ मार पीट कर उसे चुप करा दिया जाता था। महिला ने बताया कई बार उसके ऊपर गरम पानी तक डाला गया। पीड़ित महिला पिछले एक साल से ये सब यातनाएं सहन कर रही थी लेकिन अंत में जब वो ये सब नहीं सह पाई तो उसने पुलिस से मदद मांगी। जब पुलिस ने उसकी फरियाद नहीं सुनी तो उसने मजबूरी में न्याय के लिए कोर्ट में आई है।

शरीयत के नाम पर मुस्लिम महिलाओं का उत्पीड़न
पीड़ित महिला ने बताया तीन तलाक के बाद पति सलमान मुझे फिर से पत्नी बनाना चाहता था लेकिन मौलवी ने शरीयत का हवाला देते हुए हलाला की बात कही। फिर सलमान ने अपने छोटे भाई इरफान के साथ ही मेरा निकाह करा दिया। हलाला के नाम पर इरफान ने मेरे साथ रेप किया। ससुराल दोबारा पहुंचने के बाद पति सलमान और उसके छोटे भाई इरफान ने मेरा यौन शोषण करना शुरू कर दिया। जब मैं इसका विरोध करती तो दोनों मिलकर बहुत मारते थे। मेरे साथ दुष्कर्म करते थे। छह महीने तक मेरे साथ ऐसा ही चलता रहा। अंत में मैंने परेशान हो कर अपने पति और देवर इरफान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित महिला ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि शरीयत के नाम पर दूसरी महिलाओं का उत्पीड़न ना हो सके। सरकार ने कानून बनाकर तीन तलाक को गैरकानूनी करार दिया है लेकिन इनके बावजूद भी शरीयत के नाम पर मुस्लिम महिलाओं का उत्पीड़न लगातार जारी है। पीड़ित महिला ने बताया कि पहले उसने पुलिस में गुहार लगाई थी। लेकिन उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। बाद में कोर्ट के आदेश पर पति सलमान और देवर इरफान के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, उत्पीड़न और दहेज प्रथा की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। फिलहाल पुलिस मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात कर रही है।