Edited By Anil Kapoor,Updated: 18 Dec, 2025 06:40 AM
UP Weather News: उत्तर प्रदेश में ठंड ने अपना असर तेज कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया है। भयंकर ठंड और घने कोहरे के कारण गुरुवार 18 दिसंबर को प्रदेश के 14 से अधिक जिलों में शीतलहर (कोल्ड डे) की...
UP Weather News: उत्तर प्रदेश में ठंड ने अपना असर तेज कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया है। भयंकर ठंड और घने कोहरे के कारण गुरुवार 18 दिसंबर को प्रदेश के 14 से अधिक जिलों में शीतलहर (कोल्ड डे) की स्थिति बनी रहेगी। कई इलाकों में सुबह से लेकर दिन तक घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा।
दिन और रात दोनों समय बढ़ेगी ठंड
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र (अमौसी) के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रात के साथ-साथ दिन का तापमान भी काफी कम रहेगा। ठंड के कारण सूर्यदेव के दर्शन मुश्किल होंगे और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
इन जिलों में रेड अलर्ट, विजिबिलिटी रहेगी शून्य
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को इन जिलों में घना कोहरा और शीतलहर का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा. बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर। इन इलाकों में विजिबिलिटी लगभग शून्य रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
इन जिलों में मध्यम कोहरा, ऑरेंज और येलो अलर्ट
इसके अलावा कई जिलों में मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है। यहां मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, संभल, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सुल्तानपुर, आजमगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, सोनभद्र, बलिया, मऊ, कौशाम्बी, जौनपुर, अयोध्या। वहीं आगरा, मथुरा, अलीगढ़, बदायूं, झांसी, ललितपुर और इटावा में हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।
कानपुर में सबसे कम तापमान दर्ज
बीते 24 घंटों में आगरा, बरेली, गोरखपुर, कानपुर और कुशीनगर में जीरो विजिबिलिटी वाला कोहरा छाया रहा। इस दौरान प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस कानपुर में रिकॉर्ड किया गया।
लखनऊ और नोएडा में भी बदला मौसम
राजधानी लखनऊ में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है, जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं नोएडा में भी मध्यम कोहरा रहेगा। तापमान में गिरावट के कारण दिन में भी ठंड का एहसास होगा।
19 दिसंबर से और बढ़ेगी ठंड
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान में गिरावट जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि 19 दिसंबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिससे प्रदेश में ठंड और बढ़ सकती है।