Edited By Ramkesh,Updated: 01 Feb, 2026 03:30 PM

उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।...
अम्बेडकरनगर (कार्तिकेय द्विवेदी ): उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

छह वर्षीय मासूम बच्चे सहित पिता की मौत
यह हादसा बेवाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 161 पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, लखनऊ की ओर से आ रही एक कार को बगल से एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार में सवार छह वर्षीय मासूम बच्चे, उसके पिता और एक महिला की मौत हो गई।
घायल जिला अस्पताल में भर्ती
घटना में घायल हुए चार लोगों में कार चालक भी शामिल है। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे का शिकार हुए सभी लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं, जो लखनऊ से गोरखपुर अपने घर लौट रहे थे। मृतक और घायल गोरखपुर जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही बेवाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना पर बोले पुलिस अधिकारी
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अकबरपुर ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे ट्रक और कार की टक्कर की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया और विधिक कार्रवाई की जा रही है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर करता है।