Edited By Anil Kapoor,Updated: 13 Apr, 2026 07:50 AM

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। एक पिता अपनी जवान बेटी की लाश के साथ कई दिनों तक घर में रहा और फिर बाहर से ताला लगाकर गायब हो गया। चार महीने बाद जब घर का दरवाजा...
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। एक पिता अपनी जवान बेटी की लाश के साथ कई दिनों तक घर में रहा और फिर बाहर से ताला लगाकर गायब हो गया। चार महीने बाद जब घर का दरवाजा खुला, तो अंदर का मंजर देखकर पुलिस और रिश्तेदारों की रूह कांप गई।
रहस्यमयी तरीके से बंद था मकान
मामला मेरठ के एक शांत इलाके का है। जहां 34 वर्षीय प्रियंका अपने पिता उदय भान बिस्वास के साथ रहती थी। करीब 4 महीने पहले अचानक घर पर ताला लटक गया और दोनों गायब हो गए। पड़ोसियों ने सोचा कि शायद वे कहीं बाहर गए हैं। रिश्तेदार लगातार फोन करते रहे, लेकिन पिता कभी खुद को देहरादून बताता तो कभी फोन उठाना बंद कर देता।
चाय की दुकान से खुला राज
शुक्रवार को कहानी में मोड़ तब आया जब पिता उदय भान को बेगम बाग की एक चाय की दुकान पर देखा गया। रिश्तेदारों ने उन्हें तुरंत पकड़ लिया और प्रियंका के बारे में पूछा। पहले तो उन्होंने झूठ बोला कि वह अस्पताल में भर्ती है, लेकिन सख्ती बरतने पर उन्होंने जो सच उगला उसने सबको सुन्न कर दिया। पिता ने कबूल किया कि प्रियंका मर चुकी है और उसका शव घर के अंदर ही है।
घर के अंदर का खौफनाक मंजर
पुलिस की मौजूदगी में जब घर का ताला तोड़ा गया, तो अंदर का दृश्य किसी डरावनी फिल्म जैसा था। प्रियंका का शव पूरी तरह सड़ चुका था और अब केवल कंकाल बचा था। चारों तरफ रद्दी और कचरा फैला हुआ था। पिता ने बताया कि वह मौत के बाद 3-4 दिनों तक शव के साथ ही कमरे में सोता रहा। बदबू न फैले, इसलिए वह पूरे घर में लगातार परफ्यूम (Perfume) स्प्रे करता था।
बीमारी, तंत्र-मंत्र और डिप्रेशन
जांच में सामने आया कि यह परिवार काफी समय से मानसिक तनाव से गुजर रहा था। 2013 में प्रियंका की मां की मौत के बाद से पिता-पुत्री डिप्रेशन में थे। प्रियंका बीमार रहती थी, लेकिन पिता डॉक्टर के बजाय उसे तांत्रिक के पास ले जाता था। रिश्तेदारों के अनुसार, परिवार किसी से ज्यादा मेलजोल नहीं रखता था, इसीलिए किसी को भनक तक नहीं लगी।
पुलिस की कार्रवाई
फिलहाल पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस एंगल पर भी काम कर रही है कि क्या यह सामान्य मौत थी या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग दहशत में हैं।