Edited By Pooja Gill,Updated: 09 Apr, 2026 12:48 PM

Kanpur News: कानपुर में एक महिला के लिए शादी का सपना बुरा अनुभव बन गया। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने अपनी गंभीर बीमारी और पहले से शादीशुदा होने की बात...
Kanpur News: कानपुर में एक महिला के लिए शादी का सपना बुरा अनुभव बन गया। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने अपनी गंभीर बीमारी और पहले से शादीशुदा होने की बात छुपाकर उससे निकाह किया। महिला ने बताया कि शादी के बाद पति का व्यवहार अजीब था और वह शारीरिक संबंध बनाने से बचता था। एक दिन उसे घर में एक फाइल मिली, जिससे पता चला कि पति की दोनों किडनियां खराब हैं और वह चोरी-छिपे डायलिसिस करवा रहा था। यह बात ससुराल के सभी लोगों को पता थी, लेकिन उससे छुपाई गई।
ससुराल वाले करने लगे पीड़िता से ये मांग
जब महिला ने इस धोखे का विरोध किया, तो ससुराल वालों ने उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। पीड़िता के अनुसार, उससे कहा गया कि या तो वह अपनी एक किडनी दे दे या अपने मायके से 20 लाख रुपये लाकर दे, ताकि पति का इलाज कराया जा सके। महिला का यह भी आरोप है कि पति ने कहा कि पैसे या किडनी मिलने के बाद वह उसे छोड़ देगा और दूसरी शादी कर लेगा।
जांच में हुआ चौकाने वाला खुलासा
जांच के दौरान महिला को यह भी पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है और उसकी पहली पत्नी बनारस में रहती है। उस शादी से उसकी एक बेटी भी है। महिला का आरोप है कि उसे धोखे में रखकर दूसरी शादी की गई। काफी समय तक परिवार परामर्श केंद्र में सुलह की कोशिशें हुईं, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद चकेरी थाने में पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।