Edited By Anil Kapoor,Updated: 21 Jul, 2025 08:37 AM

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक बड़ा अवैध धर्मांतरण का गिरोह पकड़ में आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है। पुलिस और खुफिया एजेंसियों के मुताबिक इस गिरोह ने 97 महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर लापता कर दिया है। इस मामले की गंभीरता...
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक बड़ा अवैध धर्मांतरण का गिरोह पकड़ में आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है। पुलिस और खुफिया एजेंसियों के मुताबिक इस गिरोह ने 97 महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर लापता कर दिया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमें जांच कर रही हैं।
आगरा से गिरफ्तारी के बाद खुला अलीगढ़ का मामला
इस गिरोह का खुलासा तब हुआ जब आगरा से उमर गौतम नामक शख्स को गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि वह अलीगढ़ में भी अवैध धर्मांतरण का नेटवर्क चला रहा था। अलीगढ़ के सदर थाने में मार्च 2025 में 2 बहनों की लापता होने की शिकायत दर्ज हुई थी। जांच के दौरान पुलिस को सोशल मीडिया पर एक बहन की तस्वीर मिली, जिसमें वह एके-47 लेकर नजर आई। यह तस्वीर मिलने के बाद पुलिस ने गहराई से जांच की और एक बड़े गिरोह का पता लगाया।
गिरोह कैसे काम करता था?
पुलिस के अनुसार यह गिरोह सोशल मीडिया, मोबाइल ऐप और डार्क वेब का इस्तेमाल कर युवतियों को फंसाता था। पहले युवतियों को प्रेम जाल में फंसाया जाता था, फिर उन्हें दबाव बनाकर जबरन धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जाता था। यह गिरोह इतना गुप्त था कि पुलिस की अलग-अलग टीमें भी एक-दूसरे की जानकारी नहीं रखती थीं।
गिरोह के सदस्य और विदेशी फंडिंग का खुलासा
जांच में पता चला कि इस गिरोह के तार प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े थे, जिनमें पीएफआई, सिमी और लश्कर-ए-तैयबा शामिल हैं। साथ ही कनाडा, अमेरिका, लंदन और दुबई से भारी मात्रा में फंडिंग होती थी। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के मुताबिक इस गिरोह ने सैकड़ों लोगों का अवैध धर्मांतरण कराया। गिरोह के प्रमुख सदस्य आयशा (मूल नाम एसबी कृष्णा), अली हसन उर्फ शेखर राय और मोहम्मद अली को कई राज्यों से गिरफ्तार किया गया है।
97 महिलाओं के लापता होने का रहस्य
जांच में यह भी पता चला कि अलीगढ़ और आसपास के इलाकों से 97 महिलाएं गायब हैं, जो इस गिरोह से जुड़ी हो सकती हैं। पुलिस का कहना है कि कई महिलाओं को धोखे से या जबरन धर्म परिवर्तन के लिए ले जाया गया। कुछ महिलाओं को शादी के लिए मजबूर किया गया और उनके साथ बुरा व्यवहार भी किया गया। पुलिस और खुफिया एजेंसियां इन महिलाओं को ढूंढ़ने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए तेजी से काम कर रही हैं।
मिशन अस्मिता: अवैध धर्मांतरण पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर 'मिशन अस्मिता' नामक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आगरा पुलिस ने 7 विशेष टीमें बनाई हैं, जिन्होंने देश के अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय कानून के कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने बताया कि यह गिरोह आईएसआईएस जैसे आतंकी संगठनों जैसा काम करता था। यह गिरोह हवाला और डार्क वेब के जरिये धार्मिक कट्टरता और जनसंख्या परिवर्तन को बढ़ावा दे रहा था।