Edited By Ramkesh,Updated: 24 Feb, 2026 08:10 PM

जिले में विद्युत विभाग से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला अवर अभियंता (जेई) के साथ मारपीट करती नजर आ रही है। घटना के दौरान मौके पर भीड़ जुट गई और किसी ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट पर साझा कर दिया। बताया जा...
Balrampur: जिले में विद्युत विभाग से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला अवर अभियंता (जेई) के साथ मारपीट करती नजर आ रही है। घटना के दौरान मौके पर भीड़ जुट गई और किसी ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट पर साझा कर दिया। बताया जा रहा है कि वीडियो सोमवार का है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, मारपीट करने वाली महिला सुमन बताई जा रही है, जो संविदा लाइनमैन मिश्रीलाल की पत्नी है। आरोप है कि मिश्रीलाल को करीब डेढ़ महीने पहले बिना किसी नोटिस के विभाग से हटा दिया गया था। इसके बाद से परिवार आर्थिक तंगी का सामना कर रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला को सूचना मिली थी कि संबंधित जेई ग्राम पंचायत सचिवालय में मौजूद हैं। वह पति को दोबारा काम पर रखने की मांग लेकर वहां पहुंची थी। बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ी और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान महिला ने जेई की पिटाई कर दी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि अवर अभियंता के कार्य व्यवहार को लेकर क्षेत्र में पहले भी नाराजगी रही है। कुछ माह पूर्व मणिपुर क्षेत्र में ग्रामीणों ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया था। वहीं कुकुरभुकवा कैसरगंज चौराहे पर भी उनके साथ हाथापाई की घटना सामने आ चुकी है, जिसमें कुछ लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ था।
घटना के बाद जेई अजीत कुमार सिंह ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर मिश्रीलाल की तरफ से भी प्रार्थना पत्र दिया गया है। जिले के संविदा लाइनमैन इस मामले में लामबंद होते नजर आ रहे हैं। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।