Edited By Ramkesh,Updated: 02 Mar, 2026 01:53 PM

ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी युद्ध के बीच भारत में भी इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश के भाजपा नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत को लेकर मुस्लिम समाज और कथित...
लखनऊ: ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी युद्ध के बीच भारत में भी इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश के भाजपा नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत को लेकर मुस्लिम समाज और कथित धार्मिक नेताओं पर निशाना साधते हुए विवादित टिप्पणी की है।
मुस्लिम रहनुमाओं के मुंह में दही जम गई
संगीत सोम ने कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर को उनके ही घर में घुसकर मार दिया गया, लेकिन कथित मुस्लिम रहनुमाओं के मुंह में दही जम गई है। उन्होंने कहा कि जो लोग दुनिया को ‘मुस्लिम वर्ल्ड’ बनाने की बात करते थे, उन्हें अब करारा जवाब मिल चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग अपने नेताओं और अपने देश की रक्षा नहीं कर सकते, वे भारत में धार्मिक मुद्दों को उठाकर माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। सोम ने कहा कि आज लोग छाती पीटकर इकट्ठा हो रहे हैं, लेकिन अपने सर्वोच्च नेता की सुरक्षा नहीं कर सके, जबकि भारत में मस्जिद बनाने की बात करते हैं।
बाबरी मस्जिद पर भी दिया बयान
संगीत सोम ने इस दौरान बाबरी मस्जिद विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज ने भगवान राम के मंदिर के लिए करीब 500 साल तक इंतजार किया और बाबरी का कलंक झेला। उन्होंने कहा कि अब देश में आक्रांताओं के नाम पर कोई नई मस्जिद नहीं बनने दी जाएगी।
मध्य-पूर्व में बढ़ा तनाव
गौरतलब है कि इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई समेत कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और सरकारी पदाधिकारी मारे जाने का दावा किया गया है। इसके बाद से ईरान और इजरायल के बीच लगातार हमले जारी हैं और खाड़ी क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।