Edited By Anil Kapoor,Updated: 08 Aug, 2026 08:46 AM

माफिया और पूर्व सांसद दिवंगत अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद को शनिवार को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इसके लिए कब्रिस्तान में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अतीक की कब्र के ठीक बगल में ही अबान के लिए कब्र...
Prayagraj News: माफिया और पूर्व सांसद दिवंगत अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद को शनिवार को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इसके लिए कब्रिस्तान में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अतीक की कब्र के ठीक बगल में ही अबान के लिए कब्र तैयार की गई है। इसी कब्रिस्तान में अतीक, उसके भाई अशरफ, बेटे असद और अतीक के माता-पिता की कब्रें भी मौजूद हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को झांसी में पोस्टमार्टम के बाद अबान का पार्थिव शरीर प्रयागराज के हटवा गांव स्थित उसकी बुआ परवीन कुरैशी के घर लाया गया था, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। दफनाने से पहले शव को अतीक के उस पुश्तैनी मकान के मलबे पर भी ले जाया जाएगा, जिसे प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई में ढहा दिया था। परंपरा के मुताबिक, परिवार में किसी की मौत होने पर शव को इसी जगह पर कुछ देर रखने की व्यवस्था की जाती है। इसके लिए मलबे के पास टेंट और डीप फ्रीजर का इंतजाम किया गया है।
ये भी पढ़ें:- टला बड़ा हादसा: बारिश के बाद 20 फीट धंस गई पॉश इलाके की सड़क, गड्ढे में उतरे सपा नेता तो मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि जनाजे में शामिल होने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने झांसी जेल में बंद अली अहमद और लखनऊ जेल में बंद मोहम्मद उमर को सख्त शर्तों के साथ पैरोल दी है। अदालत के सख्त आदेश हैं कि दोनों भाई कड़े पुलिस पहरे में रहेंगे, किसी मीडिया या जनसभा को संबोधित नहीं करेंगे और केवल धार्मिक रीति-रिवाज कराने वाले व्यक्ति, अपनी बुआ व भाई अहजम से ही बात कर सकेंगे। अंतिम संस्कार के तुरंत बाद पुलिस उन्हें वापस जेल ले जाएगी।
बता दें कि गुरुवार को झांसी-कानपुर हाईवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में 21 वर्षीय अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई थी। अबान अपने दोस्तों के साथ झांसी जेल में बंद भाई से मिलने जा रहा था, तभी उसकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी।