Edited By Anil Kapoor,Updated: 30 Sep, 2026 08:18 AM

हरदोई के पिहानी में दोस्त द्वारा कार में बांधकर करीब ढाई किलोमीटर तक घसीटे गए एक व्यक्ति की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार बबलू राठौर (40) को 19 सितंबर को हालत बिगड़ने के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया...
Hardoi News: हरदोई के पिहानी में दोस्त द्वारा कार में बांधकर करीब ढाई किलोमीटर तक घसीटे गए एक व्यक्ति की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार बबलू राठौर (40) को 19 सितंबर को हालत बिगड़ने के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। पुलिस का कहना है कि 21 सितंबर को हालत और गंभीर होने पर बबलू को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव जब हरदोई लाया गया तो डाक बंगले के पास परिजनों ने शव रखकर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने समझा-बुझाकर शव गांव भिजवाया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार विमलेश राठौर गत दिनों बबलू को घर से बुलाकर अपने साथ शाहाबाद ले गया था, जहां से दोनों पिहानी स्थित बबलू की ससुराल पहुंचे और वापस लौटते समय रास्ते में शराब पीने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। सूत्रों के मुताबिक इसी दौरान बबलू ने विमलेश से कह दिया कि तुम रिश्तेदारी के लायक नहीं हो। आरोप है कि इसी बात से खफा होकर विमलेश ने बबलू के हाथ अंगौछे से कार में बांध दिए और करीब 2 से 2.5 किलोमीटर तक सड़क पर घसीटता रहा।
ये भी पढ़ें:- मंदिर में अश्लील डांस का Video Viral होते ही मचा हड़कंप, पुलिस बोली- 'AI से बना है फर्जी वीडियो'
सूत्रों के अनुसार गंभीर हालत में बबलू को सड़क किनारे छोड़कर आरोपी फरार हो गया था। बबलू की मौत के बाद गांव में एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े हैं। उनका कहना है कि बबलू परिवार का अकेला सहारा और घर के मुखिया थे, उनकी मौत के बाद परिवार के सामने गुजर-बसर का संकट खड़ा हो गया है। हरदोई के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि आरोपी विमलेश राठौर को पहले ही गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था। अब पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।