Edited By Anil Kapoor,Updated: 30 Sep, 2026 07:14 AM

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में दुर्लभ दोमुंहे सांपों की तस्करी के एक मामले में कथित अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में मैगलगंज थाना प्रभारी निरीक्षक समेत 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।...
Lakhimpur Kheri: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में दुर्लभ दोमुंहे सांपों की तस्करी के एक मामले में कथित अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में मैगलगंज थाना प्रभारी निरीक्षक समेत 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, इन पुलिसकर्मियों पर सांप तस्करी मामले के मुख्य आरोपी को कथित तौर पर कानूनी कार्रवाई से बचाने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच में आठों पुलिसकर्मियों को प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने के बाद उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुलिसकर्मियों की भूमिका में लापरवाही, अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति उदासीनता सामने आने के बाद उन्हें निलंबित किया गया। उन्होंने बताया कि निलंबित पुलिसकर्मियों में मैगलगंज थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक शुभम कुमार, हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह यादव और कांस्टेबल देवेंद्र सिसोदिया, राहुल कुमार, रोहित कुमार, विश्वास सिंह व अमित कुमार यादव शामिल हैं।
ये भी पढ़ें:- झांसी में श्राद्ध करने गए परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: गहरे पानी में समाए 5 लोग, गांव में मचा कोहराम
अधिकारी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) द्वारा की जाएगी और निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, यह मामला 2 दुर्लभ दोमुंहे सांपों की बरामदगी से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि पुलिस की कार्रवाई और मुख्य आरोपी के खिलाफ कानूनी कदम उठाए जाने को लेकर सवाल उठने के बाद विभागीय स्तर पर प्रारंभिक जांच कराई गई थी।