6 दिन में दूसरा बड़ा धमाका, कमरे के अंदर छिपा रखी थी ₹1 करोड़ की नशीली सिरप... 3 तस्कर गिरफ्तार

Edited By Anil Kapoor,Updated: 29 Sep, 2026 09:36 AM

codeine cough syrup worth over 1 crore seized three arrested

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में कोडीन कफ सिरप की अवैध तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में देर शाम एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक कमरे में छापा मारकर एक करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत की कोडीन कफ सिरप...

Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में कोडीन कफ सिरप की अवैध तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में देर शाम एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक कमरे में छापा मारकर एक करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत की कोडीन कफ सिरप बरामद की। सिरप की बड़ी खेप कमरे में छिपाकर रखी गई थी। कार्रवाई के दौरान 3 लोगों को पकड़ा गया है। उनसे देर रात तक पूछताछ की जाती रही।

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि एयरपोर्ट क्षेत्र में एक कमरे के अंदर बड़ी मात्रा में कोडीन कफ सिरप अवैध तरीके से स्टोर करके रखी गई है। यहां से इस सिरप की सप्लाई प्रयागराज के अलावा उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में की जाती है। एसटीएफ को यह भी इनपुट मिला था कि इस नेटवर्क की सप्लाई मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड तक फैली है। जांच में यह जानकारी सामने आई कि तस्करी से जुड़ा नेटवर्क दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ से कोडीन कफ सिरप की खेप प्रयागराज लाता था। इसके बाद इसे शहर में अलग-अलग ठिकानों पर स्टोर किया जाता था।

ये भी पढ़ें:- 6 लाख की सुपारी और खौफनाक साजिश... दवा कारोबारी ह/त्याकांड में बहू रिहा, बेटा ही निकला मास्टरमाइंड

यहां से मांग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ दूसरे राज्यों में इसकी सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। इसी सूचना पर एसटीएफ की टीम ने एयरपोर्ट थाना पुलिस को साथ लेकर रविवार शाम करीब 7 बजे बताए गए ठिकाने पर छापा मारा। टीम के पहुंचते ही वहां हड़कंप मच गया। कमरे की तलाशी लेने पर बड़ी संख्या में कोडीन कफ सिरप की शीशियां बरामद हुईं। बरामद सिरप की कीमत एक करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। मौके से 3 लोगों को पकड़कर पूछताछ शुरू की गई। एसटीएफ और एयरपोर्ट पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सिरप की यह खेप कहां से मंगाई गई थी, किसके जरिए प्रयागराज पहुंची और यहां से किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी।

पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम और उनके ठिकानों की जानकारी मिलने की भी उम्मीद है। टीम यह भी पता कर रही है कि इस नेटवर्क में प्रयागराज के अलावा दूसरे जिलों और राज्यों में कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद ड्रग इंस्पेक्टर की टीम भी मौके पर पहुंची। बरामद कफ सिरप की जांच और उसकी मात्रा का मिलान किया जा रहा है। सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली की देर रात तक एसटीएफ, एयरपोर्ट थाना पुलिस और ड्रग विभाग की टीम कार्रवाई की लिखा-पढ़ी में जुटी रही। फिलहाल पुलिस इस मामले में कुछ भी बताने से इंकार करती रही। ऐसे में बरामद सिरप की वास्तविक मात्रा, कीमत और पकड़े गए लोगों की पहचान जांच टीमों की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

ये भी पढ़ें:- UP में मौसम का तांडव: कुशीनगर में टूटा तटबंध, कई गांव डूबे; अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट

प्रयागराज में कोडीन कफ सिरप की अवैध तस्करी के खिलाफ 6 दिन के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 20 सितंबर को अतरसुइया क्षेत्र में पुलिस ने एक मकान में बने गोदाम से करीब 3 करोड़ रुपए कीमत की कोडीन कफ सिरप और अन्य नशीली दवाएं बरामद की थीं। अब एयरपोर्ट क्षेत्र में एक करोड़ रुपए से ज्यादा की कफ सिरप पकड़े जाने के बाद जांच एजेंसियों की नजर इस पूरे नेटवर्क पर है। खास तौर पर दिल्ली और हरियाणा से प्रयागराज तक खेप पहुंचाने और यहां से उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड तक सप्लाई के नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!