Edited By Ramkesh,Updated: 20 Jul, 2026 08:40 PM
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि अगर सनातन पर खतरा आएगा तो कोई बच नहीं पाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी जिले में दरियाबाद और रामनगर विधानसभा...
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि अगर सनातन पर खतरा आएगा तो कोई बच नहीं पाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी जिले में दरियाबाद और रामनगर विधानसभा क्षेत्रों की 542 करोड़ रुपये से अधिक की 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ''हमारा उज्ज्वल भविष्य सनानत की सुदृढ़ नींव पर निर्भर करेगा। सनातन सुरक्षित है तो हम सब सुरक्षित है।
इनका वास्तविक चरित्र सनातन विरोधी है
उन्होंने आगाह किया, ''अगर सनातन पर कोई खतरा आएगा तो कोई बच नहीं पाएगा। ये जो बांटने वाले लोग हैं, सपा और कांग्रेस के नाम पर जितने भी नमूने हैं, याद करना जब आप पर संकट आता है तो इन सबकी बोलती बंद हो जाती है।'' योगी ने आरोप लगाया, ''ये लोग भले कुछ भी बोलें, लेकिन इनका वास्तविक चरित्र सनातन विरोधी है, इनके कार्य जनता के हक और विकास की परियोजनाओं पर डाका डालने जैसे हैं।'' उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर जनता के पैसों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा, ''याद करना पैसा आपका था, लेकिन वह पैसा कब्रिस्तान की चहारदीवारी पर खर्च होता था तथा महादेवा और अयोध्या समेत विरासत एवं आस्था के स्थानों के लिए पैसा नहीं मिलता था। उसको वे सांप्रदायिक कहते थे।
सपा विरासत विरोधी की धुर विरोधी हैं
उन्होंने सीधे सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा विरासत विरोधी और विकास की धुर विरोधी हैं। इनसे सतर्क रहेंगे तो हमेशा सुरक्षित रहेंगे। योगी ने आरोप लगाते हुए कहा, ''कब्रिस्तान की चहारदीवारी बनाना उनके लिए धर्मनिरपेक्षता का एक मानक बन गया था, लेकिन कांवड़ यात्रा पर रोक, जन्माष्टमी के आयोजन को प्रतिबंधित करना, राम नवमी की शोभायात्रा को रोकना, दुर्गा पूजा के पंडालों को प्रतिबंधित करना, वे धर्मनिरपेक्षता का मानक मानते थे।'' मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा, ''हमें ऐसी धर्मनिरपेक्षता को उखाड़ फेंक कर सनातन की सुदृढ़ भूमि पर एक सुरक्षित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना होगा।
ये सनातन को अपमानित करते थे
एक सुरक्षित भारत के लिए कार्य करना होगा।'' उन्होंने दावा किया, ''जो लोग धर्मनिरपेक्षता के नाम पर सनातन को अपमानित करते थे, ये वही लोग थे जो एक ओर आपको पर्व और त्योहार पर अराजकता फैला कर अपमानित करते थे और दूसरी तरफ अपने गुर्गों से अवैध वसूली करवाते थे।'' योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने (विपक्षी दलों ने) कोई निवेश तो किया नहीं, क्योंकि अराजकता, कर्फ्यू और दंगे का माहौल बनाया। इसलिए उन्होंने गांव-गांव, शहर-शहर में कट्टा और बम बनाना शुरू कर दिया, जिससे व्यापारियों को लूटा जाता था और बहन-बेटी की इज्जत से खिलवाड़ किया जाता था।
लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है
उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा, ''आज लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है और उसे एक बार दागा जाता है तो पाकिस्तान और उसके आका की नींद उड़ जाती है।'' उन्होंने कहा, ''आज ब्रह्मोस मिसाइल भी बन रही है और अब बेटियां भी सुरक्षित हैं तथा व्यापारी भी सुरक्षित हैं, बड़े बड़े निवेश भी आ रहे हैं।'' योगी ने कहा, ''मैंने पहले ही दिन कहा था कि सरकार भेदभाव नहीं करेगी और हर तबके के लिए बिना भेदभाव कार्य करेगी। लेकिन मैंने यह भी कहा था कि कोई उपद्रव करेगा, बेटियों और व्यापारियों की इज्जत से खिलवाड़ करेगा तो उसके लिए दो ही जगह होगी - जेल या जहन्नुम, तीसरी कोई जगह नहीं होगी।'' उन्होंने कहा, ''उप्र के नौजवानों के सामने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने पहचान का संकट खड़ा किया था लेकिन आज ऐसा कोई संकट नहीं है।
सैफई घराने' ने जनता के पैसे पर लूट मचाई थी
पहचान का संकट खड़ा करने वाली यही समाजवादी पार्टी है जो जाति को जाति से लड़वा रही थी और बेटी की सुरक्षा के लिए यही सपाई खतरा बने हुए थे। उस समय यह कहावत भी थी कि देख सपाई-बिटिया घबराई।'' मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों युवाओं को सपा के लोगों की गुंडागर्दी, उपद्रव, डकैती, अराजकता, लूट के बारे में बताने की अपील की। योगी ने समाजवादी परिवार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 'सैफई घराने' ने जनता के पैसे पर लूट मचाई थी।
कांग्रेस के समय में 100 में से 15 पैसे ही आम जनता के पास पहुंचते थे
उन्होंने कहा कि सपा जिस जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र को बना रही थी, उसकी कीमत 200 करोड़ थी लेकिन 864 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद भी वह इमारत अधूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की अनुमानित लागत 15, 200 करोड़ रुपये लगायी थी लेकिन वह 11,800 करोड़ रुपये बनवाया गया। उन्होंने कहा कि गोमती रिवर फ्रंट की कुल अनुमानित लागत 167 करोड़ रुपये थी लेकिन 1700 करोड़ खर्च होने के बावजूद वह अधूरा ही रहा। योगी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का नाम लिये बगैर कहा, "एक प्रधानमंत्री ने तो कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर यहां तक कह दिया कि 100 में से 15 पैसे ही नीचे आम जनता तक पहुंचते हैं।
सपा की डकैती और कांग्रेस की लूट को भाजपा ने रोका
भाजपा की 'डबल इंजन' सरकार ने सपा की डकैती और कांग्रेस की लूट को रोका। इस पैसे से अब नौजवान को छात्रवृत्ति, बेटी की शादी, कन्या सुमंगला योजना का लाभ, टैबलेट, किसानों को सम्मान निधि, गरीबों को प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिल रहा है।" मुख्यमंत्री ने महादेवा में भगवान लोधेश्वर महाराज का दर्शन किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ''यहां कई जिलों के श्रद्धालु आते हैं लेकिन मंदिर जीर्ण शीर्ष था। 1947 में देश को आजादी मिली थी और आजादी की वह लौ बाराबंकी के लोधेश्वर मंदिर तक पहुंचनी चाहिए थी लेकिन नहीं पहुंच पाई।
आजादी के बाद वह लौ कब्रिस्तान की चहारदीवारी के लिए तो प्राप्त हुई लेकिन लोधेश्वर मंदिर के लिए नहीं प्राप्त हुई।'' उन्होंने हॉकी के खिलाड़ी बाबू केडी सिंह का जिक्र करते हुए कहा, ''हॉकी और भारत के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाले बाबू केडी सिंह की हवेली के लिए पैसा उपलब्ध नहीं हो पाया, पारिजात के महावृक्ष के लिए धन उपलब्ध नहीं हो सका, लेकिन आज गौरव की अनुभूति हो रही है कि बाराबंकी के पवित्र लोधेश्वर मंदिर के गलियारे का निर्माण कार्य शुरू हो गया है और अब केडी सिंह बाबू की हवेली बिकेगी नहीं क्योंकि सरकार उसका पैसा चुकाएगी। केडी सिंह बाबू जो हर युवा, हर भारतीय के लिए एक प्रेरणा हैं, उनकी स्मृति को सरकार जीवित करने का काम करेगी।