Edited By Sanjeev,Updated: 24 Sep, 2026 11:08 AM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा बस आग की घटना में मारे गए 9 लोगों के परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपए की मदद देने का ऐलान किया, जबकि हर घायल व्यक्ति को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।
ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा बस आग की घटना में मारे गए 9 लोगों के परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपए की मदद देने का ऐलान किया, जबकि हर घायल व्यक्ति को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।
घटना पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, 'उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने की घटना में लोगों की जान जाने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।' प्रधानमंत्री कार्यालय के X (पहले ट्विटर) पर किए गए पोस्ट के अनुसार, उन्होंने कहा, 'मृतकों के परिवारों को PMNRF से 2 लाख रुपए की मदद दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।'
बुधवार देर रात ग्रेटर नोएडा में जेवर के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई। घटना के सिलसिले में ड्राइवर और कंडक्टर समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बस नई दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी, तभी 23 सितंबर को रात करीब 11.30 बजे यमुना एक्सप्रेसवे के 33-किलोमीटर माइलस्टोन के पास उसमें आग लग गई।
जेवर पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के अनुसार बस में करीब 30-35 यात्री सवार थे। बताया जाता है कि कुछ यात्रियों को ड्राइवर के केबिन से जलने की गंध आई और उन्होंने ड्राइवर और कंडक्टर को सचेत किया। FIR में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने तुरंत बस नहीं रोकी और केबिन के अंदर धूम्रपान करते रहे। इसके बाद आग तेजी से पूरी बस में फैल गई, जिससे कई यात्री अंदर फंस गए।
नोएडा के मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि चार दमकल गाड़ियां और बचाव दल मौके पर पहुंचे और 20-25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने कहा, 'दम घुटने और आग से लगी चोटों के कारण 9 लोगों की मौत हो गई।' कुमार ने कहा, 'मामला दर्ज कर लिया गया है और ड्राइवर व कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच चल रही है।' इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।