Edited By Anil Kapoor,Updated: 22 Sep, 2026 11:07 AM

टेक जोन-4 और बिसरख क्षेत्र की सड़कों पर बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम देने से भी नहीं कतरा रहे। सोमवार सुबह एक मूर्ति गोलचक्कर के पास बाइक सवार 2 नकाबपोश बदमाशों ने ई-रिक्शा में बैठी एक युवती के हाथ से...
Noida News: टेक जोन-4 और बिसरख क्षेत्र की सड़कों पर बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम देने से भी नहीं कतरा रहे। सोमवार सुबह एक मूर्ति गोलचक्कर के पास बाइक सवार 2 नकाबपोश बदमाशों ने ई-रिक्शा में बैठी एक युवती के हाथ से उनका चमचमाता आईफोन झपट लिया और पलक झपकते ही रफूचक्कर हो गए। हैरान करने वाली बात यह है कि बदमाशों ने शातिराना अंदाज में पहले युवती से रास्ता पूछा, फिर फोन की पुष्टि की और वारदात को अंजाम दे दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, सेंचुरियन पार्क सोसाइटी की रहने वाली शुभी भंडारी सोमवार सुबह अपने दफ्तर जाने के लिए घर से निकली थीं। वे सोसाइटी के बाहर से ई-रिक्शा में सवार होकर आगे बढ़ीं। जैसे ही ई-रिक्शा एक मूर्ति गोलचक्कर के पास पहुंचा, शुभी ने रिक्शा चालक को ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए अपना मोबाइल फोन निकाला।
ये भी पढ़ें:- 'पापा और दादा ने मम्मी-नानी को मारा...' एटा में आधी रात दोहरी ह/त्या, बच्चों की गवाही से खुला राज
इसी दौरान पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए 2 नकाबपोश युवकों ने ई-रिक्शा के पास अपनी बाइक धीमी की। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। बदमाशों ने पहले तो पीड़िता से एक स्थानीय पता पूछा, लेकिन जैसे ही उनकी नजर युवती के हाथ में मौजूद मोबाइल पर पड़ी, उनकी नीयत डोल गई। बदमाशों ने युवती से पूछा कि क्या यह नया वाला iPhone है? जैसे ही शुभी ने हां में सिर हिलाया, बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से फोन छीन लिया और तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाकर फरार हो गए।
पीड़िता के पति साकेत गुप्ता ने बताया कि यह आईफोन 18 प्रो उन्होंने महज तीन दिन पहले ही खरीदा था। अचानक हुई इस वारदात से शुभी बुरी तरह सहम गईं। पीड़िता ने तुरंत अपने परिवार को सूचना दी, जिसके बाद बिसरख थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।
ये भी पढ़ें:- Instagram पर हुआ प्यार और टूट गया हंसता-खेलता परिवार, 3 बच्चों की मां ने सहेली के लिए छोड़ा घर... पुलिस भी रह गई हैरान
घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि एक मूर्ति गोलचक्कर जैसे व्यस्त इलाके में सुबह के समय पुलिस गश्त नाममात्र की रहती है, जिससे स्नेचर्स और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मामले पर थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई है जो आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाइक सवार बदमाशों को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।