Edited By Anil Kapoor,Updated: 23 Sep, 2026 07:31 AM

बिजनौर जिले के नगीना शहर में इन दिनों दुकानों पर आने वाले नकाबपोश ग्राहकों को लेकर व्यापारी खासे सतर्क और परेशान हैं। शहर के बाजारों में एक ही तरह के पैटर्न पर 2 दुकानों में चोरी की वारदातें सामने आई हैं। बुर्का पहने एक महिला ग्राहक बनकर दुकानों में...
Bijnor News: बिजनौर जिले के नगीना शहर में इन दिनों दुकानों पर आने वाले नकाबपोश ग्राहकों को लेकर व्यापारी खासे सतर्क और परेशान हैं। शहर के बाजारों में एक ही तरह के पैटर्न पर 2 दुकानों में चोरी की वारदातें सामने आई हैं। बुर्का पहने एक महिला ग्राहक बनकर दुकानों में दाखिल होती है और मौका मिलते ही कीमती सामान पार कर देती है। यह पूरी करतूत दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। व्यापारियों ने फुटेज के साथ पुलिस को तहरीर देकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पहली घटना नगीना के मुख्य बाजार स्थित एक आर्टिफिशियल ज्वेलरी की दुकान की है। 13 सितंबर को एक महिला अपने पुरुष साथी के साथ दुकान में पहुंची। दोनों आम ग्राहकों की तरह सामान देखने लगे। इसी दौरान महिला की नजर दुल्हन के आर्टिफिशियल हार पर पड़ी और उसने नजर बचाकर उसे गायब कर दिया। दुकान मालिक नौमान को उस वक्त चोरी का भान नहीं हुआ। शाम को जब स्टॉक का मिलान किया गया तो हार कम मिला। कर्मचारियों से पूछताछ के बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, तो महिला की करतूत साफ उजागर हो गई।
ये भी पढ़ें:- पत्नी, 2 पुजारियों और बेटे की ली जा/न... फिर बेटी पर तानी रिवॉल्वर, 6 राउंड फायरिंग के बीच पुलिस ने एनकाउंटर में किया ढेर
बताया जा रहा है कि हार चोरी होने के कुछ ही देर बाद पास ही की एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान से भी ऐसी ही खबर आई। वहां भी वही महिला ग्राहक बनकर पहुंची। दुकानदार और कारीगर जब उसे कपड़े दिखाने में व्यस्त थे, तभी उसने बड़ी सफाई से सलवार-सूट का थान/कपड़ा पार कर दिया। स्टॉक मिलाने पर कपड़ा गायब मिला, जिसके बाद दुकानदारों ने जब फुटेज देखी तो उनके होश उड़ गए।
आर्टिफिशियल ज्वेलरी शॉप में लगे सीसीटीवी कैमरों में महिला के साथ एक व्यक्ति भी नजर आ रहा है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या वह व्यक्ति केवल साथ आया था या वह दुकानदार का ध्यान भटकाने का काम कर रहा था। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि नगीना के व्यस्त बाजारों में हर ग्राहक पर बारीक नजर रखना मुमकिन नहीं होता, जिसका फायदा ऐसे शातिर उठा रहे हैं।
ये भी पढ़ें:- 'दरवाजे खुलते रहे, लोग देखते रहे... फिर भी लिफ्ट में बेशर्मी से पेशाब करता रहा युवक, CCTV देख भड़के लोग
नगीना की इस वारदात ने करीब 20 दिन पहले बिजनौर के ही चांदपुर में हुई 8 लाख रुपए की भीषण चोरी की यादें ताजा कर दी हैं। वहां भी नकाबपोश महिलाओं के एक गैंग ने सर्राफा दुकान से जेवर उड़ाए थे। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाजियाबाद से 2 महिलाओं को गिरफ्तार कर माल बरामद कर लिया था। अब पुलिस यह भी देख रही है कि क्या नगीना की घटना में भी उसी गिरोह के तार तो नहीं जुड़े हैं।
दोनों दुकानदारों की तहरीर मिलने के बाद पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। नगीना पुलिस बाजार और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि महिला और उसके साथी के आने-जाने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही संदिग्धों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।