Edited By Anil Kapoor,Updated: 24 Sep, 2026 07:02 AM

उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर जिले के खतौली कस्बे से एक बेहद शर्मनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक से अपने घर लौट रही एक महिला को रास्ते में अकेला पाकर एक सिरफिरे युवक ने सरेराह दबोच लिया और उसके साथ जबरन...
Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर जिले के खतौली कस्बे से एक बेहद शर्मनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक से अपने घर लौट रही एक महिला को रास्ते में अकेला पाकर एक सिरफिरे युवक ने सरेराह दबोच लिया और उसके साथ जबरन छेड़छाड़ की। महिला के बहादुरी से विरोध करने और चीखने-चिल्लाने पर आरोपी मौके से भाग खड़ा हुआ। यह पूरी खौफनाक वारदात पास ही के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 15 सितंबर की सुबह की बताई जा रही है। रोज की तरह पीड़िता सुबह टहलने के बाद अपने घर वापस आ रही थी। तभी एक अज्ञात मनचला दबे पांव उसका पीछा करने लगा। सुनसान रास्ता देखते ही आरोपी ने अचानक महिला को पकड़ लिया और अभद्रता करने लगा। हालांकि, महिला ने हिम्मत नहीं हारी और तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला के तेवर देख आरोपी घबरा गया और गली में दुम दबाकर भाग निकला।
घटना का सीसीटीवी फुटेज जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिला। वीडियो का संज्ञान लेते हुए मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने स्थानीय पुलिस को तुरंत एक्शन मोड में आने के सख्त निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर खतौली थाना पुलिस ने आनन-फानन में अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
मामले की जानकारी देते हुए सीओ खतौली रूपाली राव ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे छेड़खानी के वीडियो का तुरंत संज्ञान लिया गया है और मामला पंजीकृत कर लिया गया है। उन्होंने साफ कहा कि आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगा दी गई हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मनचले की शिनाख्त की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।