Edited By Ramkesh,Updated: 26 Mar, 2026 02:23 PM

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान बृहस्पतिवार को जनता दर्शन कार्यक्रम में अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध भूमि अतिक्रमण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और चेतावनी दी कि गरीबों को परेशान करने वालों...
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान बृहस्पतिवार को जनता दर्शन कार्यक्रम में अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध भूमि अतिक्रमण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और चेतावनी दी कि गरीबों को परेशान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री करीब 200 लोगों से मिले। मुख्यमंत्री लोगों के पास खुद पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना।
सरकार आपकी हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई कराएगी
उनके प्रार्थना पत्र लिए और पास में मौजूद अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए तथा आश्वासन दिया कि सरकार उनकी शिकायतों के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करेगी। आदित्यनाथ ने कहा, ''चिंता मत करिए। सरकार आपकी हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी।
गरीबों को उजाड़ने वाले कतई न बख्शे जाएं
अलग-अलग मामलों से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिप्रद होना चाहिए। अपराध व जमीन कब्जाने से संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि यदि कोई दबंग किसी की जमीन पर जबरन कब्जा कर रहा हो तो उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए। गरीबों को उजाड़ने वाले कतई न बख्शे जाएं।
इलाज के लिए आए लोगो को सीएम ने दिया आर्थिक मदद का भरोसा
गरीबों की संपत्ति पर गरीबों का ही कब्जा सुनिश्चित होना चाहिए। जनता दर्शन में पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले भी आए। इस पर मुख्यमंत्री ने दोनों पक्षों के बीच पहले संवाद कराने और बात नहीं बनने पर यथोचित विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दर्शन में हर बार की तरह कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे उच्च स्तरीय चिकित्सा देखभाल की आवश्यकता वाले लोगों के लिए खर्चों का तुरंत आकलन करें और उनके इलाज की व्यवस्था करें।