Edited By Purnima Singh,Updated: 19 Aug, 2026 06:51 PM

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जेल में बंद वरिष्ठ सपा नेता आजम खान के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई पर सवाल उठाया और मांग की कि ईडी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार और उसके अधिकारियों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के कई...
लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जेल में बंद वरिष्ठ सपा नेता आजम खान के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई पर सवाल उठाया और मांग की कि ईडी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार और उसके अधिकारियों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के कई मामलों में छापेमारी करे। यादव ने बुधवार को खान के मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े ठिकानों पर ईडी की छापामारी पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि एजेंसी उन लोगों को निशाना बना रही है जिन्होंने विश्वविद्यालय बनाया, जबकि कई दूसरे मामलों में कथित भ्रष्टाचार को नजरअंदाज कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर कहा, ''शिक्षा, शिक्षक व शिक्षार्थी विरोधी, स्कूलबंद करवाने वाले भाजपाई और उनके संगी-साथी यूनिवर्सिटी बनानेवालों के ख़िलाफ़ ईडी की छापेमारी कर रहे हैं जिससे कि उनके एक-दो प्रतिशत बचे हुए साम्प्रदायिक संकीर्ण सोच के कुतर्की समर्थकों को संतुष्ट कर पाएं, जबकि उन भ्रष्टाचारियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही, जो आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हैं।'' यादव ने राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी मामले में शामिल लोगों, कथित तौर पर सत्ता से जुड़े अपराधियों और कोडीन युक्त कफ सिरप के धंधे से जुड़े भाजपा के लोगों के खिलाफ ईडी के छापे मारने की मांग की।
उन्होंने मूलभूत ढांचे से जुड़ी कई परियोजनाओं पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा राज में बने खस्ताहाल बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गड्ढों से भरे कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे और टूटे हुए ग्रीन कॉरिडोर को लेकर कार्रवाई की जानी चाहिए जो कथित तौर पर भाजपा सरकार के समय में बने थे। ईडी ने बुधवार को धन शोधन मामले की जांच के तहत उत्तर प्रदेश के रामपुर और सहारनपुर और दिल्ली के जामिया नगर में मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े करीब 10 ठिकानों पर तलाशी ली।