Edited By Ramkesh,Updated: 22 Oct, 2026 04:07 PM

समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भाजपा पर बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि वह आचार संहिता का उल्लंघन कर तथा अधिकारियों और स्कूल-कॉलेज प्रबंधन पर दबाव डालकर उत्तर प्रदेश विधानपरिषद चुनावों में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में...
लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भाजपा पर बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि वह आचार संहिता का उल्लंघन कर तथा अधिकारियों और स्कूल-कॉलेज प्रबंधन पर दबाव डालकर उत्तर प्रदेश विधानपरिषद चुनावों में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल करने की साजिश कर रही है। विधानपरिषद के पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए शुक्रवार को मतदान होना है। पूर्व मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आचार संहिता का उल्लंघन कर अधिकारियों और स्कूल-कॉलेज प्रबंधकों पर दबाव डाल रही।
उन्होंने आरोप लगाया, ''भाजपा गैरकानूनी रूप से शिक्षक-स्नातक विधानपरिषद चुनावों में जीत हासिल करने की साजिश कर रही है।'' उन्होंने कहा, ''सबके वीडियो बनाए जाएंगे और प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी। इसमें संलिप्त हर किसी के विरुद्ध मुक़दमा दर्ज करवाकर सजा दिलवाई जाएगी।'' सपा प्रमुख ने कहा कि जब मुक़दमा चलेगा और सजा होगी तो कोई भी भाजपाई इन दोषी अधिकारियों को बचाने नहीं आएगा। उन्होंने कहा, ''भाजपाई विधानपरिषद में होंगे और चुनावी घपला करने वाले अधिकारी जेल में होंगे। भाजपा किसी की सगी नहीं है।'' अखिलेख ने चेतावनी दी, ''न कोई बचेगा, न किसी को बख्शा जाएगा।