Edited By Ramkesh,Updated: 07 May, 2023 05:37 PM

उत्तर प्रदेश की गोंडा जिले की कैसरगंज लोक सभा सीट से बीजेपी के सांसद और डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने अपने लगे आरोप के संबध में एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों के आरोप सही पाए जाते...
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की गोंडा जिले की कैसरगंज लोक सभा सीट से बीजेपी के सांसद और डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोप के संबध में एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों के आरोप सही पाए जाते है तो मैं फांसी पर चढ़ने के लिए तैयार हूं। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा है कि कुछ खिलाड़ियों की ओर से ही आरोप लगाया जा रहा है। बाकी खिलाड़ी हमारे समर्थन में हैं। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों का साथ देने वालों को संदेश देने की कोशिश की। बृजभूषण शरण ने यह वीडियो शनिवार की रात में अपने सोशल मीडिया हैंडल पर अपलोड किया था। लेकिन, बाद में पोस्ट को डिलीट कर दिया। अब इसके क्लिप वायरल हो रहे हैं।
बता दें कि संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने शनिवार को घोषणा की कि वह भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के समर्थन में देशभर में प्रदर्शन करेगा। संगठन ने सिंह को तत्काल गिरफ्तार करने की भी मांग की। उसने एक बयान में कहा कि सात मई को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश से एसकेएम के कई वरिष्ठ नेता सैकड़ों किसानों के साथ जंतर मंतर पर एक बार फिर प्रदर्शन स्थल का दौरा करेंगे और प्रदर्शन पहलवानों को अपना समर्थन देंगे।
वहीं खाप पंचायतों ने कहा गया है कि 11 से 18 मई तक सभी राज्यों की राजधानी, जिला मुख्यालयों और तालुकों में प्रदर्शन किया जाएगा। जनसभाएं और प्रदर्शन मार्च होंगे और सिंह तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार के पुतले फूंके जाएंगे। एसकेएम ने केंद्र सरकार द्वारा अब निरस्त कर दिए गए कृषि कानूनों के खिलाफ साल भर प्रदर्शन का नेतृत्व किया था। एसकेएम ने शुक्रवार को कहा था कि बड़ी संख्या में किसान डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के समर्थन में आठ मई को जंतर-मंतर पर एकत्रित होंगे। गौरतलब है कि पहलवान 23 अप्रैल से जंतर मंतर पर धरना दे रहे हैं। उन्होंने डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।