Edited By Purnima Singh,Updated: 17 Jul, 2026 01:28 PM

बलिया जिले की भीमपुरा पुलिस ने थाना क्षेत्र में 22 वर्षीया विवाहिता की कथित रूप से दहेज को लेकर गला दबाकर हत्या करने के आरोप में पति और जेठ को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया विवाहिता की लगभग एक साल पहले ही शादी हुई थी।
बलिया : जिले की भीमपुरा पुलिस ने थाना क्षेत्र में 22 वर्षीया विवाहिता की कथित रूप से दहेज को लेकर गला दबाकर हत्या करने के आरोप में पति और जेठ को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया विवाहिता की लगभग एक साल पहले ही शादी हुई थी।
पुलिस के अनुसार मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र के लिलारी गांव के आशीष की तहरीर पर पिछले मंगलवार को भीमपुरा थाना क्षेत्र के अवराई कला पाही गांव के विजेंद्र और विनोद के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि आशीष की बहन सुमन का विवाह पिछले साल गत 16 जून को विजेंद्र के साथ हुआ था।
आरोप है कि शादी के बाद से सुमन को उसके पति विजेंद्र और जेठ विनोद द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था तथा गत सात जुलाई को सुमन की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शव का पोस्टमार्टम नौ जुलाई को हुआ है। रसड़ा क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक रजनीश ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर संबंधित अदालत के समक्ष पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया है।