Edited By Anil Kapoor,Updated: 17 Jul, 2026 08:35 AM

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को (17 जुलाई) शामली, बिजनौर और गाजियाबाद के दौरे पर रहेंगे और करीब 2,500 करोड़ रुपए लागत की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री शामली, कैराना,...
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को (17 जुलाई) शामली, बिजनौर और गाजियाबाद के दौरे पर रहेंगे और करीब 2,500 करोड़ रुपए लागत की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री शामली, कैराना, थानाभवन, बिजनौर, चांदपुर, मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वह विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी करेंगे। दौरे की शुरुआत शामली से होगी, जहां मुख्यमंत्री 581 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 89 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें कैराना में राज्य कर विभाग के कार्यालय, कंडेला में पशु चिकित्सालय तथा थानाभवन में राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
ये भी पढ़ें:- 'मुस्लिम वोट छोड़ो और मथुरा से ईदगाह हटाओ'... केशव मौर्य के इस सीधे वार पर भड़की सपा, राज्यपाल से की बड़ी मांग
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इसके बाद मुख्यमंत्री बिजनौर पहुंचेंगे, जहां बिजनौर और चांदपुर विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित 1,003 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 76 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। वह महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, राजकीय नर्सिंग कॉलेज एवं छात्रावास तथा रामबाग रोड स्थित कल्याण मंडपम का उद्घाटन करेंगे। साथ ही विदुर कुटी के समेकित पर्यटन विकास कार्य सहित कई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।
ये भी पढ़ें:- 'श्रीकृष्ण थे 5 वक्त के नमाजी...' मौलाना जरजिश के इस मनगढ़ंत दावे पर भड़के संत, लखनऊ में FIR दर्ज
बताया जा रहा है कि शाम को मुख्यमंत्री गाजियाबाद पहुंचेंगे, जहां मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 868 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 90 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इस अवसर पर वह मुरादनगर स्थित तेजपाल त्यागी-कुशपाल त्यागी मेमोरियल डिग्री कॉलेज में पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। गाजियाबाद में मुख्यमंत्री 47वीं वाहिनी पीएसी में नई बैरकों, विभिन्न पेयजल योजनाओं तथा अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। वहीं थाना बापूधाम के प्रशासनिक भवन, पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल और अन्य विकास कार्यों की आधारशिला भी रखेंगे। मुख्यमंत्री कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे। गाजियाबाद में वह शासन, प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।