Edited By Prashant Tiwari,Updated: 20 Jan, 2023 02:49 PM

उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बिहार के शिक्षा मंत्री डॉक्टर चंद्रशेखर के राम चरित्रमानस पर सवाल उठाने व उसे दंगा भड़काने वाला किताब बताने पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें...
बागपत (विवेक कौशिक) : उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बिहार के शिक्षा मंत्री डॉक्टर चंद्रशेखर के राम चरित्रमानस पर सवाल उठाने व उसे दंगा भड़काने वाला किताब बताने पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अच्छे संस्कार ही नहीं मिले हैं। अगर उनके संस्कार अच्छे होते तो वह ऐसा बयान नहीं देते। उनके इस बयान से साबित होता है कि बिहार सरकार हिंदू विरोधी है।
भगवान के प्रति गलत बोलकर वह अपना TRP बढाना चाहते हैं
उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल आज जिले के छपरौली के ठाकुरद्वारा में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। यहां कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि किसी (बिहार के मंत्री) के खराब बोलने से भगवान राम का अस्तित्व समाप्त नहीं हो सकता। भगवान राम यहां की जीवनशैली है। राम थे, राम हैं और राम ही रहेंगे। उन्हें अच्छे संस्कार नहीं मिले इसलिए वे ऐसी बात बोलते हैं। भगवान के प्रति गलत बोलकर वह अपना टीआरपी बढाना चाहते हैं, हम सभी इसकी घोर निंदा करते हैं।

सरकार बहनों, महिलाओं, खिलाड़ियों का पूर्ण सम्मान करती है
दिल्ली में धरने पर बैठे पहलावनों को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बहनों, महिलाओं, खिलाड़ियों का पूर्ण सम्मान करती है। सरकार पहलवानों का सम्मान करती है और इस प्रकरण को भी भाजपा सही से निस्तारण भी कर लेगी। कपिल देव ने कहा कि कौशल विकास योजना में आमूलचूल परिवर्तन हुए। कुछ कम्पनियां गलत करती थी उन्हें ब्लैकलिस्ट करने का भी काम हमारे विभाग ने किया है। अब काम सही ढंग से संचालित हो रहा है और यदि इसके बावजूद कहीं कुछ गलत होगा तो कड़े निर्णय लिए जाएंगे।

सपा सरकार में लड़कियां स्कूल कॉलेज जाने से डरती थी
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि योगी सरकार के मंत्री मौज मस्ती नहीं करते हैं। फोर्ड फॉर्च्यूनर में नहीं घूमते हैं वे दिन रात सड़कों पर रहते हैं और लोगों की सेवा करते हैं और काम करते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार में लड़कियां स्कूल कॉलेज जाने से डरती थी। उन्हें डर लगता था की सड़क किनारे खड़े चार गुंडे उनकी चुनरी खींच लेंगे, उनके साथ छेड़छाड़ करेंगे। यह डर बेवजह ही नहीं था। थानों में उनकी रिपोर्ट तक दर्ज नहीं होती थी, लेकिन अब योगी सरकार में गुंडे, माफियाओं का राज खत्म हुआ है।