Edited By Ramkesh,Updated: 11 Feb, 2026 02:21 PM

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राजधानी लखनऊ में केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है, मजदूरों को समय पर मेहनताना नहीं मिल रहा और उन पर लगातार अत्याचार हो रहा है। इसी...
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राजधानी लखनऊ में केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है, मजदूरों को समय पर मेहनताना नहीं मिल रहा और उन पर लगातार अत्याचार हो रहा है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस पूरे प्रदेश में जनता की आवाज उठाएगी।
मनरेगा को लेकर पदयात्रा निकालेगी कांग्रेस
अजय राय ने बताया कि 13 तारीख को पूरे उत्तर प्रदेश में शहरों और गांवों में पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसकी शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगी। यह पदयात्रा 75 जिलों में करीब 15 किलोमीटर की होगी, जिसमें मनरेगा मजदूरों समेत आम लोगों को जोड़ा जाएगा।
बजट को लेकर सरकार पर सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यूपी सरकार के बजट को जनविरोधी बताते हुए कहा कि “यूपी के लोगों को इस बजट से कुछ भी नहीं मिला। सरकार बताए कि पिछले बजट का पैसा कहां खर्च हुआ। इस पर तुरंत श्वेत पत्र जारी किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के चलते लोग आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हैं।मथुरा में पूरे परिवार की आत्महत्या और वाराणसी में सुसाइड का जिक्र करते हुए अजय राय ने कहा कि इसके पीछे आर्थिक बदहाली बड़ी वजह है, लेकिन सरकार आंख मूंदे बैठी है।
जल जीवन मिशन पर भी हमला
अजय राय ने जल जीवन मिशन को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि “कागजों में सब कुछ हो गया, लेकिन हकीकत यह है कि किसी के घर पानी नहीं पहुंचा। सड़कों को तोड़ दिया गया, लेकिन पानी नहीं आया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बृजभूषण राजपूत द्वारा सरकार के एक मंत्री को घेरने की घटना भी यह दिखाती है कि सरकार के भीतर ही सब कुछ ठीक नहीं है। अजय राय ने साफ कहा कि कांग्रेस सड़क से सदन तक जनता के हक की लड़ाई लड़ेगी और मनरेगा मजदूरों, किसानों व गरीबों की आवाज को दबने नहीं देगी।