Edited By Pooja Gill,Updated: 26 Apr, 2023 10:23 AM

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में रहने वाले एहसान ने हाईस्कूल के रिजल्ट में पूरे शहर में टॉप कर अपने गरीब मां-बाप का नाम रोशन किया है और उन्हें उनकी मेहनत का फल दिया है। कल जब यूपी बोर्ड का रिजल्ट आया तो एहसान 94.50 फीसदी अंक लाकर हाईस्कूल...
लखनऊः उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में रहने वाले एहसान ने हाईस्कूल के रिजल्ट में पूरे शहर में टॉप कर अपने गरीब मां-बाप का नाम रोशन किया है और उन्हें उनकी मेहनत का फल दिया है। कल जब यूपी बोर्ड का रिजल्ट आया तो एहसान 94.50 फीसदी अंक लाकर हाईस्कूल में झांसी का दूसरा टॉपर बना और अपने शहर का टॉपर बना। उसका रिजल्ट सुनकर उसके मां-बाप को बहुत खुशी हुई, क्योंकि, उसके माता-पिता ने उसकी पढ़ाई के लिए बहुत मुश्किलों का सामना किया। एक समय ऐसा था जब किताबें खरीदने के लिए पैसे नहीं थे तो मां को अपनी बकरी बेचनी पड़ी थी।

बता दें कि, जब एहसान के टॉप करने की बात उसकी मां ने सुनी तो आंख से आंसू छलक पड़े। एहसान बताता है कि उसके पिता अशरफ सब्जी मंडी में पल्लेदारी का काम करते हैं। घर में उसके अलावा मां और एक बड़ी बहन है। बहन की शादी हो चुकी है। अब वो और उसके अम्मी-अब्बू घर पर रहते हैं। एहसान पहले अपने गांव में रहता था। तब उसकी पढ़ाई शुरू नहीं हुई। इसके बाद झांसी आया और 1 से 8 तक रॉयल एकेडमी में पढ़ाई की। उसके बाद हाफिज सिद्दीकी नेशनल इंटर कॉलेज में एडमिशन ले लिया। घर की आर्थिक स्थिति खराब थी तो दोस्त से कोचिंग के लिए लेता था लिफ्ट। उसने बताया कि, जब उसके पास किताबें खरीदने के लिए पैसे नहीं थे तो मां को अपनी बकरी बेचनी पड़ी थी।

खुद अपने पर कोई पैसा खर्च नहीं करते थे एहसान मां-पिता
बकरी बेचकर 7 हजार रुपये मिले तो मां ने एहसान की स्कूल की किताबें खरीदीं। वो खुद अपने पर कोई पैसा खर्च नहीं करते थे। एहसान से कहते थे कि बस पढ़ाई करो। वह रोजाना पांच से छह घंटे पढ़ाई करता था। घर में टीवी तक नहीं है। मनोरंजन करने के लिए कुछ देर बैडमिंटन खेलता था। अब वह इंजीनियर बनना चाहता है और माता-पिता का नाम रोशन करना चाहता है।

हम एहसान को आगे भी अच्छी शिक्षा दिलाएंगे: एहसान की मां
एहसान ने बताया कि, मस्जिद में नमाज पढ़ रहा था। जैसे ही बाहर निकला कि स्कूल के प्रिंसिपल का फोन आ गया। बोले- स्कूल आ जाओ तुमने टॉप किया है। उसने कहा कि, ये शब्द सुनने के बाद खुशी का ठिकाना नहीं रहा। एहसान की मां सलमा बानो बेटे के टॉप करने के बाद इतनी खुश हैं कि उनके आंसू निकल आए। उन्होंने कहा कि, मुझे बकरी बेचकर किताबें खरीदनी पड़ी थी। आज बेटा टॉपर हो गया है। अब हर हाल में उसे हम आगे भी अच्छी शिक्षा दिलाएंगे।