Edited By Pooja Gill,Updated: 15 Nov, 2025 08:47 AM

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में ठंड लगातार बढ़ रही है और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में इस समय कोई सक्रिय मौसम तंत्र मौजूद नहीं है, लेकिन पश्चिमी हिमालयीय क्षेत्रों...
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में ठंड लगातार बढ़ रही है और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में इस समय कोई सक्रिय मौसम तंत्र मौजूद नहीं है, लेकिन पश्चिमी हिमालयीय क्षेत्रों से आ रही ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएँ तापमान में गिरावट ला रही हैं। जिसके चलते मध्य यूपी में आंशिक शीत लहर की संभावना बढ़ी है।
लगातार बढ़ रही ठंड
मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक डॉ एके सिंह का कहना है कि इधर साफ़ आसमान के कारण विकिरणीय शीतलन बढ़ा है, वहीं मध्य भारत पर बने प्रतिचक्रवात से ठंडी हवाओं के नीचे आने का प्रभाव भी जारी है। इन सभी कारकों से प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग ने कहा है कि आगामी 2-3 दिनों में तापमान में मामूली गिरावट के अलावा किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से औसतन 3-5 डिग्री सेल्सियस कम रहेगा।
विभाग ने की ये अपील
जानकारी के मुताबिक, कुछ स्थानों पर यह तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे भी जा सकता है, जिसके चलते विशेष रूप से मध्य उत्तर प्रदेश में देर रात और सुबह भोर के समय आंशिक शीत लहर की स्थितियाँ बन सकती हैं। हालाँकि दिन में धूप निकलने से शीत लहर का असर कम होने की संभावना है, लेकिन दिन का अधिकतम तापमान भी अगले कुछ दिनों तक सामान्य से 1-4 डिग्री कम बना रह सकता है। मौसम विभाग ने नागरिकों को रात में अतिरिक्त सावधानी बरतने, गरम कपड़ों का उपयोग करने और बच्चों व बुजुर्गों को ठंड से बचाने की सलाह दी है।
इन जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने राज्य के आगरा, मथुरा, हाथरस, इटावा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कानपुर, कन्नौज, औरया, फरुखाबाद, फतेहपुर उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, लखीमपुर, पीलीभीत, रामपुर, बरेली और बदायूं में कोल्ड वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।