Edited By Purnima Singh,Updated: 09 Jul, 2025 11:38 AM

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति पर नपुंसक होने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि दहेज के लालच में ससुरालियों ने उसकी शादी जानबूझकर एक नपुंसक युवक से करवा दी है ......
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति पर नपुंसक होने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि दहेज के लालच में ससुरालियों ने उसकी शादी जानबूझकर एक नपुंसक युवक से करवा दी है। जब महिला ने इसका विरोध किया तो ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की। साथ ही जान से मारने की कोशिश भी की।
शादी के पहले दिन ही खुल गया था राज
कानपुर के रावतपुर निवासी पीड़िता की शादी मार्च 2024 में उन्नाव जिले के युवक से हुई थी। विवाह की पहली रात ही महिला को पता चला कि उसका पति शारीरिक रूप से अक्षम है। अगली सुबह पीड़िता ने अपनी जेठानी को यह बात बताई, लेकिन उसने इस बात को मजाक में टाल दिया। जैसे तैसे कुछ दिन बीते, जिसके बाद पीड़िता ने फिर इस मुद्दे पर बात करने का प्रयास किया। जिसपर ससुरालवालों ने उसके साथ गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें पहले से सब पता था और यह शादी सिर्फ दहेज के लिए की गई थी।
इलाज के नाम पर मांगे दो लाख
जब महिला ने ससुरालवालों से अपने पति के इलाज की बात की, तो उन्होंने उसके सामने दो लाख रुपये की मांग रख दी। हालात सुधरने की आस लिए महिला वहीं रहने लगी। हालांकि हालात तो सही नहीं हुए बल्कि उसके जेठ ने उस पर बुरी नजर रखना शुरू कर दिया। साथ ही उसके साथ छेड़छाड़ भी की। इसका विरोध करने पर महिला को बुरी तरह पीटा गया।
पुलिस ने पति, जेठ-जेठानी के खिलाफ दर्ज की एफआईआर
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति, जेठ और जेठानी के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।