Edited By Ramkesh,Updated: 28 Mar, 2026 02:40 PM

भगवान राम की नगरी अयोध्या के राजघाट क्षेत्र में आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के दौरान अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की घटना से मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और आयोजकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अयोध्या: भगवान राम की नगरी अयोध्या के राजघाट क्षेत्र में आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के दौरान अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की घटना से मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और आयोजकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, यह महायज्ञ स्वामी जीयर जी महाराज के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह कर रहे थे। घटना के समय वह स्वयं भी मौके पर मौजूद थे। उनके साथ गोसाईगंज के विधायक अभय सिंह भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि आग अज्ञात कारणों से लगी, जिसने देखते ही देखते महायज्ञ स्थल के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिश की।
फिलहाल किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन आग से काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हादसा कैसे हुआ।