Edited By Pooja Gill,Updated: 23 Jun, 2023 01:04 PM

UP News: उत्तर प्रदेश में संचारी रोगों से बचाव के लिए अगले पूरे महीने संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान चलाया जाएगा। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यानी शुक्रवार को इसकी जानकारी दी है। प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने...
UP News: उत्तर प्रदेश में संचारी रोगों से बचाव के लिए अगले पूरे महीने संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान चलाया जाएगा। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यानी शुक्रवार को इसकी जानकारी दी है। प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल में स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर इस सिलसिले में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मानसून आने के साथ शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बीमारियां पैदा होती हैं। हर साल की तरह इस वर्ष भी संचारी रोगों से बचाव को लेकर संचारी नियंत्रण रोग अभियान और दस्तक अभियान जुलाई माह से शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि ‘‘राज्य में आगामी एक जुलाई से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण और 17 जुलाई से 31 जुलाई तक ‘दस्तक' अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ग्रामीण तथा नगरीय क्षेत्रों में सफाई एवं जलभराव निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा जिलों में मच्छरों के प्रजनन एवं घनत्व की स्थिति पर निगरानी रखी जाए। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियां की जाएं। अभियान की निगरानी की रूपरेखा का आकलन किया जाए। आगामी 10 से 15 जुलाई के बीच फ्रंटलाइन वर्कर्स के प्रशिक्षण में रोगियों की सर्विलांस के विषय में विस्तार से जानकारी दी जाए।
यह भी पढ़ेंः CM योगी ने दी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, कहा- 'उनका बलिदान देश की अखंडता को बचाने के लिए हुआ'

विद्यालयों में रोगों से बचाव लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएः CM
इसके अलावा सीएम ने कहा कि विद्यालयों में रोगों से बचाव तथा रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित किया जाए। दस्तक अभियान के दौरान अग्रिम मोर्चा के कर्मियों द्वारा चिह्नित किए गए लक्षण युक्त लोगों की जांच और उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य सहयोगी विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा लोगों को घर-घर जाकर प्रचार-प्रसार के माध्यम से बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक करें, ताकि संचारी रोगों से लोगों को बचाया जा सके।