Edited By Purnima Singh,Updated: 03 Jun, 2025 06:02 PM

25 अप्रैल 2009, सुबह के 6 बजे उत्तर प्रदेश के लखनऊ के मोहनलालगंज तहसील के गौरा गांव में एक मिट्टी के कच्चा घर के आंगन में चूल्हा जल रहा था ......
लखनऊ : 25 अप्रैल 2009, सुबह के 6 बजे उत्तर प्रदेश के लखनऊ के मोहनलालगंज तहसील के गौरा गांव में एक मिट्टी के कच्चा घर के आंगन में चूल्हा जल रहा था। घर की महिला संतोषी सब्जी काट रही थी। घर में उसके 3 बच्चे 6 साल का रामरूप, 4 साल की सुमिरन और डेढ़ साल का रवि एक खाट पर सो रहे थे। पति सरवन घर के बाहर बैठा था। तभी संतोषी ने गुस्से में कहा कि कब से कह रही हूं कि दुकान से नमक ले आओ, लेकिन तुम सुनते ही नहीं। तेल भी खत्म है। इस पर सरवन ने तल्खी से जवाब दिया कि हां, हां, जा रहा हूं। सुबह-सुबह चिल्लाने लगी। गुस्सा होकर संतोषी ने कढ़ाई पटक दी। तभी सरवन ने जवाब दिया कि ये मानेगी नहीं और शर्ट की बटन लगाकर घर से निकल गया।
कुल्हाड़ी लेकर घर में घुसी महिला और पुरुष
मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 10 मिनट बाद ही एक आदमी और एक महिला घर में घुसे। महिला के हाथ में कुल्हाड़ी थी और वह चीख रही थी कि आज तुम सबको लाइन में लगा देंगे। उसने कहा कि देख क्या रहा है, कुल्हाड़ी उठा और इनका काम तमाम कर दे। हमें साथ रहना है तो इन्हें मरना ही पड़ेगा। उस आदमी ने कुल्हाड़ी उठाई और घर में घुसते ही गालियों के साथ घर में झूमने लगा। शोर सुनकर 6 साल का रामरूप बाहर निकला और उस आदमी के पैरों से लिपटकर मां की जिंदगी की भीख मांगने लगा। लेकिन उस आदमी को 6 साल के बच्चे पर ज़रा भी रहम नहीं आया। उसने कुल्हाड़ी संतोषी के गर्दन की ओर मारी। कुल्हाड़ी उसकी गर्दन पर लगी, जिससे उसकी आंख बाहर आ गई और संतोषी चूल्हे के पास गिर पड़ी। धीरे-धीरे उसकी कराहें बंद होने लगीं। खून की धारा आंगन में बहने लगी।
4 मासूमों की बेरहमी से हत्या
इसके बाद रामरूप भागने लगा। फिर उस आदमी ने रामरूप के कान पर कुल्हाड़ी मारकर चेहरे और माथे पर कई वार कर उसका शरीर छलनी कर दिया। वह तड़पते हुए मर गया। तभी 4 साल की सुमिरन रोते-रोते आई। उस कातिल ने उसे जमीन पर पटककर गले पर कई वार किए, जिससे उसका सिर धड़ से अलग हो गया। फिर महिला ने कहा कि इसका डेढ़ साल का लड़का अंदर है, उसका भी काम तमाम कर दो। कातिल घर में घुसा और रोते हुए रवि की छाती पर कुल्हाड़ी मारी, जिससे उसके शरीर के दो टुकड़े हो गए।
चीखें सुनकर आए पड़ोसी
संतोषी के घर के सामने कोलई का परिवार रहता था। कोलई की पत्नी माधुरी अपनी बेटियों संगीता और गीता के साथ खाना बना रही थी। चीखें सुनकर माधुरी घर पहुंची। वहां खून से सना आंगन और कुल्हाड़ी लिए एक आदमी देखकर वह भागने लगी। उस कातिल ने उसे आवाज दी कि आ तू भी आजा। हमारे झगड़े में कूदती है ना और पीछे से कुल्हाड़ी से उस पर वार किया, जिससे माधुरी का दाहिना कान कट गया। फिर उसने सिर पर कई वार किए और माधुरी का सिर 2 टुकड़ों में बंट गया। माधुरी की चीख सुनकर उसकी बेटी संगीता दौड़ी। कातिल ने उसकी बांह पर कुल्हाड़ी फेंकी, लेकिन वह बच गई और चीखती हुई खेतों के रास्ते थाने भाग गई। माधुरी का 12 साल का बेटा राजेंद्र खेत में नहा रहा था। एक बच्चे ने उसे बताया कि उसकी मां को मार दिया गया है। राजेंद्र घर पहुंचा तो कातिल ने उस पर भी कुल्हाड़ी से कई वार किए। उसका भी शरीर छलनी हो गया, लेकिन वह सांस ले रहा था। कोलई खेत से लौटा तो उसने अपनी पत्नी और बेटे को खून में लथपथ देखकर बिलखने लगा। गांव वाले जमा हो गए। जिसके बाद कातिल कुल्हाड़ी फेंककर खेत की ओर भाग लिया और उसके साथ आई महिला भी गायब हो गई।
थाने पहुंची संगीता
संगीता खून से लथपथ होकर थाने पहुंची और SHO अशोक कुमार शुक्ला को बताया कि उसकी मां और परिवार के लोग मार दिए गए हैं। पुलिस तुरंत गौरा गांव पहुंची। सड़क पर माधुरी की लाश और घर में चार कटी-फटी लाशें मिलीं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए और राजेंद्र को अस्पताल ले जाया गया। गांव के लोगों ने बताया कि यह सब सरवन ने किया है। गांववालों ने कहा कि सरवन के साथ एक औरत थी, जो खेत की ओर भाग गई थी। पुलिस ने सरवन के भाई पवन के घर का दरवाजा तोड़ा, जहां उसकी पत्नी सुमन मिली। सुमन ने कहा कि वह डर के मारे घर में छुपी हुई थी।
सभी को लाया गया थाने
पुलिस ने कोलई, नन्हा, सुमन, संगीता और गीता को थाने लेकर पहुंची। संगीता ने कहा कि सुमन ने उसकी मां को मारने के लिए कहा था। कोलई ने बताया कि सरवन का उसकी भाभी सुमन के साथ अवैध संबंध था। संतोषी इसका विरोध करती थी, इसलिए सरवन उसे मारता था। सुमन ने इन आरोपों को खारिज किया और कहा कि नन्हा का संतोषी के साथ संबंध था। नन्हा ने इन बातों से इंकार किया और कहा कि वह मंडप डालने गया था। शाम 4 बजे पुलिस ने सरवन को खेत से पकड़ लिया। उसने कहा कि नन्हा ने उसकी पत्नी और बच्चों को मारा क्योंकि उसका उसकी भाभी सुमन के साथ संबंध था और जमीन का विवाद था।
9 साल बाद हत्याओं का खुलासा
9 साल बाद पुलिस ने जब केस का खुलासा किया, तो पता चला कि भाभी सुमन और सरवन ने मिलकर परिवार के सभी लोगों को मारा था। यह केस कई सालों तक अनसुलझा रहा। करीब 9 साल बाद कोर्ट ने सरवन को फांसी की सजा और सुमन को 4 साल की जेल और 2000 रुपए का जुर्माना सुनाया। यह घटना एक जघन्य हत्याकांड बन गई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।